गोगरी (खगड़िया). मंगलवार की रात 9 बजे से गोगरी में मौसम ने अचानक करवट ली, जिससे भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत मिली. हालांकि तेज आंधी और मूसलाधार बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया और बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई. शिरनियाँ पावर सब स्टेशन के सभी तीनों फीडर शिरनियाँ, पितोंझिया और टाउन के अंतर्गत सभी इलाके में रात्रि के 9 बजे से लेकर सुबह खबर लिखे जाने तक 8 बजे तक लोग बिजली आने की उम्मीद में बोर्ड को निहारते रहे.
गर्मी से मिली निजात, पारा गिरा मंगलवार की रात करीब 9 बजे के बाद मौसम का मिजाज बदला और तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई. पिछले कई दिनों से पड़ रही चिलचिलाती धूप और उमस से परेशान लोगों के लिए यह बारिश सुकून लेकर आई. तापमान में गिरावट आने से वातावरण खुशनुमा हो गया है. किसानों के लिए भी यह बारिश कहीं राहत तो कहीं चिंता का विषय बनी हुई है.
पानी का संकट भी बना परेशानी बिजली आपूर्ति बाधित रहने का असर पेयजल व्यवस्था पर भी पड़ा. कई घरों में मोटर नहीं चल पाने के कारण पानी की समस्या उत्पन्न हो गई. लोगों का कहना है कि बिजली संकट के कारण सुबह की दैनिक गतिविधियां भी प्रभावित हुईं. राहुल कुमार, सरफराज आलम और सुनील कुमार मिश्रा सहित कई उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग समय पर बिल वसूली तो करता है, लेकिन निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने में विफल साबित हो रहा है.
आंधी से बिजली लाइनों को भारी नुकसान शक्तिशाली आंधी ने गोगरी की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को काफी नुकसान पहुँचाया है. तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर पेड़ों की टहनियां बिजली के तारों पर गिर गईं, जिससे इंसुलेटर पंचर हो गए और तार टूट गए. सुरक्षा कारणों से विभाग ने रात में ही बिजली काट दी थी. शहर के मुख्य मोहल्लों से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक लोग रात भर बिजली आने का इंतजार करते रहे.
मरम्मत में जुटी विभाग की टीमें सुबह होते ही बिजली विभाग की टीमें सक्रिय हो गई हैं. प्रभावित क्षेत्रों में लाइनों की पेट्रोलिंग की जा रही है और टूटे हुए तारों व इंसुलेटरों को बदलने का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है. विभाग के अधिकारियों का कहना है कि मरम्मत कार्य पूरा होते ही जल्द ही सभी क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी.
जनजीवन और यातायात प्रभावित रात की मूसलाधार बारिश के कारण शहर के निचले इलाकों में जलजमाव की स्थिति पैदा हो गई है. सड़कों पर पेड़ों की डालियां गिरने से सुबह के समय राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा. हालांकि, सुबह का मौसम सुहाना होने से लोग गर्मी से मिली इस राहत का आनंद लेते दिखे.
