खगड़िया : प्रखंड के बहादुरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चांदपुरा खुर्द पंचायत में गुरुवार को तालाब में डूबने से 10 वर्षीय छात्र की मौत हो गई. घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
साथियों के साथ नहाने गया था छात्र
मृतक की पहचान चांदपुरा खुर्द पंचायत निवासी रामानंद सिंह के 10 वर्षीय पुत्र आदित्य कुमार के रूप में हुई है. बताया जाता है कि आदित्य अपने चार-पांच साथियों के साथ मचहा बहियार स्थित एक निजी तालाब में नहाने गया था. इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा. साथ मौजूद बच्चे उसे बचाने में असफल रहे.
ग्रामीणों ने निकाला, डॉक्टर ने मृत घोषित किया
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों की मदद से आदित्य को तालाब से बाहर निकालकर तत्काल एक निजी क्लीनिक ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई
सूचना मिलने पर बहादुरपुर थानाध्यक्ष राजीव कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. मामले की जांच की जा रही है.
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
आदित्य स्थानीय विद्यालय में छठी कक्षा का छात्र था और परिवार का सबसे छोटा पुत्र था. उसके बड़े भाई का नाम दिलखुश है, जबकि पिता रामानंद सिंह रोजी-रोटी के लिए प्रदेश से बाहर मजदूरी करते हैं. बेटे की असामयिक मौत की खबर से परिवार गहरे सदमे में है.
मुआवजे की मांग
घटना के बाद चांदपुरा खुर्द पंचायत के मुखिया जयजयराम पासवान और जदयू नेता नवनीत कुमार ने गहरा शोक व्यक्त किया. उन्होंने सरकार से मृतक के परिजनों को आपदा राहत के तहत उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की.
