बेलदौर प्रखंड मुख्यालय स्थित बीआरसी में बुधवार को प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी मनोहर कुमार की अध्यक्षता में शिक्षा सेवकों की समीक्षात्मक बैठक हुई. बैठक में अक्षर आंचल योजना समेत बच्चों से जुड़े कई कामों की समीक्षा की गयी.
अक्षर आंचल योजना पर दिया जोर
बीईओ मनोहर कुमार ने शिक्षा सेवकों को अक्षर आंचल योजना का बेहतर तरीके से संचालन करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि अपने-अपने क्षेत्र में बच्चों की पढ़ाई और सरकारी योजनाओं से जुड़े काम पर विशेष ध्यान दें.
बाल पंजी और जन्म प्रमाण पत्र का काम पूरा करें
बैठक में शिक्षा सेवकों को बाल पंजी सही तरीके से संधारित करने को कहा गया. साथ ही बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र के लिए आवेदन कराने, आधार कार्ड बनवाने और बच्चों को आयरन की गोली उपलब्ध कराने को लेकर भी जरूरी दिशा-निर्देश दिये गये.
चार महीने से मानदेय नहीं मिलने से परेशानी
बैठक के दौरान शिक्षा सेवकों ने अपनी सबसे बड़ी परेशानी भी अधिकारियों के सामने रखी. उन्होंने बताया कि पिछले चार महीने से मानदेय का भुगतान नहीं हुआ है. इससे उन्हें घर-परिवार चलाने में काफी दिक्कत हो रही है.
बोले- परिवार चलाना मुश्किल हो गया
शिक्षा सेवक मनोज रजक, पप्पू कुमार रजक, दिलीप कुमार, राधेश्याम रजक, दिलचंद सदा, अनिक सदा और मोहम्मद अब्दुल्ला ने बताया कि समय पर मानदेय नहीं मिलने से आर्थिक परेशानी बढ़ गयी है. उन्होंने बकाया मानदेय जल्द दिलाने की मांग की.
बीईओ ने जल्द भुगतान का दिया भरोसा
शिक्षा सेवकों की समस्या सुनने के बाद बीईओ मनोहर कुमार ने बताया कि मानदेय भुगतान से जुड़ा मामला वरीय पदाधिकारी को भेज दिया गया है. उन्होंने जल्द ही मानदेय का भुगतान होने का आश्वासन दिया. साथ ही सभी शिक्षा सेवकों से अपने क्षेत्र में पूरी जिम्मेदारी और निष्ठा के साथ काम करने को कहा.
