खगड़िया : शिवशक्तियोगपीठ नवगछिया के तत्वावधान में एवं जगतगुरु रामचंद्राचार्य परमहंस स्वामी आगमानंद महाराज के सानिध्य में व्यास गुरु पूर्णिमा महोत्सव-2026 का आयोजन 28 एवं 29 जुलाई को सहरसा में किया जाएगा. दो दिवसीय यह आध्यात्मिक महोत्सव एमएलटी कॉलेज खेल मैदान में आयोजित होगा. इसकी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं.
गुरु परिवार के सदस्यों ने बताया कि श्रीशिवशक्तियोगपीठ से जुड़े सभी समिति पदाधिकारी और सदस्य आयोजन को सफल बनाने में जुट गए हैं. महेशखूंट निवासी सुधीर सिंह, उसराहा निवासी अनिल सिंह, राजेश सिंह, सिकंदर सिंह, त्रिभुवन सिंह, बौरने निवासी युवराज सिंह, डीके सिंह, बबलू सिंह, मोहन सिंह, रणवीर सिंह, चौथम निवासी पंडित मतेंद्र नाथ मिश्र, गोविंद कुमार, सन्नी गुप्ता, पवन सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु तैयारियों में सहयोग कर रहे हैं. खगड़िया जिले से भी हजारों श्रद्धालुओं के महोत्सव में शामिल होने की संभावना है.
आयोजकों ने बताया कि गुरु पूर्णिमा केवल एक पर्व नहीं, बल्कि गुरु भक्ति, आध्यात्मिक जागरण, सेवा, समर्पण, सामाजिक समरसता और मानव कल्याण का महापर्व है.
28 जुलाई को सुबह सात बजे से सद्गुरु पूजन, सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक दीक्षा कार्यक्रम, दोपहर 12 बजे से तीन बजे तक भजन संध्या तथा शाम तीन बजे से रात आठ बजे तक मंच उद्घाटन, सम्मान समारोह और अतिथियों के प्रेरक विचार होंगे.
29 जुलाई को सुबह आठ बजे से रात नौ बजे तक गुरु पूजन, दर्शन, भजन-कीर्तन, संतों एवं विद्वानों के प्रवचन तथा इच्छानुसार दीक्षा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. श्रद्धालुओं से समय पर पहुंचकर कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की गई है.
