गंगा का जलस्तर बढ़ते ही रामपुर में अफरातफरी, घर छोड़ ऊंचे स्थानों पर पहुंचे लोग, वार्ड 1 से 9 तक बाढ़ का खतरा

खगड़िया के रामपुर पंचायत में गंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है, जिससे ग्रामीणों में चिंता और डर का माहौल है. निचले इलाकों के लोग अपने घरों को छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन कर रहे हैं. जनप्रतिनिधि स्थिति का जायजा ले रहे हैं और मदद का आश्वासन दे रहे हैं.

खगड़िया जिले के गोगरी प्रखंड क्षेत्र की रामपुर पंचायत में गंगा के बढ़ते जलस्तर ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है. पानी बढ़ने के साथ ही निचले इलाकों में रहने वाले लोग अपने घर खाली कर सुरक्षित और ऊंचे स्थानों की ओर पलायन करने लगे हैं. शुक्रवार को सरपंच नूर आलम और मुखिया कृष्णानंद यादव ने बाढ़ प्रभावित वार्डों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया. जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों को सरकार की ओर से हर संभव मदद दिलाने का भरोसा दिया है.

बढ़ते पानी ने बढ़ाई ग्रामीणों की चिंता

बाढ़ प्रभावित इलाके का जायजा लेते मुखिया और सरपंच, ऊंचे स्थान पर शरण लेते पीड़ित परिवार | Prabhat Khabar Network

रामपुर पंचायत के वार्ड संख्या 01 से 09 तक गंगा के बढ़ते जलस्तर का असर दिखाई देने लगा है. निचले इलाकों में रहने वाले परिवार पानी बढ़ने की आशंका को देखते हुए जरूरी सामान समेटकर ऊंचे स्थानों की ओर जाने लगे हैं. ग्रामीणों के बीच बाढ़ को लेकर डर और चिंता का माहौल है.

शुक्रवार को सरपंच नूर आलम और मुखिया कृष्णानंद यादव ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं और मुश्किल की इस घड़ी में हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया.

सरपंच बोले- लोग सहमे, अब तक नहीं पहुंची राहत सामग्री

सरपंच नूर आलम ने कहा कि गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ने से ग्रामीण सहमे हुए हैं. निचले इलाकों में रहने वाले लोग अपने घरों से सुरक्षित स्थानों की ओर जाने लगे हैं. उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि अब तक सरकार की ओर से प्रभावित लोगों के लिए कोई राहत सेवा या राहत सामग्री नहीं पहुंचाई गई है.

सरपंच ने प्रशासन से बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रभावित परिवारों के लिए तत्काल राहत सामग्री, सुरक्षित स्थान और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था कराने की मांग की है.

मुखिया ने कहा- जिस रफ्तार से बढ़ रहा पानी, बाढ़ का खतरा तय

मुखिया कृष्णानंद यादव ने कहा कि गंगा का जलस्तर जिस तरह लगातार बढ़ रहा है, उससे बाढ़ की स्थिति बनना तय माना जा रहा है. पंचायत स्तर पर लोगों को हाई अलर्ट किया गया है और निचले इलाकों में रहने वाले ग्रामीणों को लगातार सावधान किया जा रहा है.

उन्होंने कहा कि लोगों से निचले इलाकों को छोड़कर जीएन बांध जैसे ऊंचे और सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा गया है. साथ ही पंचायत स्तर पर प्रभावित लोगों को हर संभव मदद पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है.

प्रशासन भी अलर्ट, जरूरत के अनुसार नाव की होगी व्यवस्था

बाढ़ की आशंका को देखते हुए अंचलाधिकारी आमिर हुसैन भी स्थानीय जनप्रतिनिधियों के लगातार संपर्क में हैं. सीओ ने बताया कि स्थिति और जरूरत के हिसाब से नाव की व्यवस्था कराई जा रही है. इसका उद्देश्य जलस्तर बढ़ने की स्थिति में प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाना है.

फिलहाल रामपुर पंचायत के वार्ड संख्या 01 से 09 तक ग्रामीणों की नजर गंगा के जलस्तर पर टिकी हुई है. जिस तरह पानी लगातार बढ़ रहा है, उससे आने वाले समय में हालात और गंभीर होने की आशंका बनी हुई है. प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने लोगों को सतर्क रहने तथा खतरा बढ़ने पर तत्काल सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है.

ये भी पढ़ें : खगड़िया में फिर बढ़ा गंगा-बूढ़ी गंडक का जलस्तर, निचले इलाकों में दोबारा फैलने लगा बाढ़ का पानी

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रणवीर कुमार

रणवीर कुमार प्रिंट माध्यम में 13 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. गोगरी (खगड़िया) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >