परबत्ता की अधूरी विकास योजनाओं पर पूर्व विधायक ने उठाए सवाल

परबत्ता विधानसभा क्षेत्र में विकास योजनाओं के अधूरे रहने पर पूर्व विधायक डॉ. संजीव कुमार ने चिंता व्यक्त की है. उन्होंने कहा कि जिन योजनाओं की प्रशासनिक स्वीकृति और टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, उनमें भी कार्य धीमी गति से चल रहा है. इस विलंब के कारणों को सार्वजनिक करने और निष्पक्ष जांच की मांग की गई है.

खगड़िया : विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न विकास योजनाओं के अधूरे रहने और कार्य में कथित विलंब को लेकर पूर्व विधायक डॉ. संजीव कुमार ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर वर्तमान स्थिति पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि जिन योजनाओं को प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी थी और जिनकी टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी थी, उनमें कई कार्य अपेक्षित गति से आगे नहीं बढ़ पाए हैं. इस पर क्षेत्र की जनता जवाब चाहती है.

कई परियोजनाओं का किया उल्लेख

डॉ. संजीव कुमार ने कहा कि विकास कार्यों में रुकावट से क्षेत्र के लोगों को परेशानी हो रही है. उन्होंने दावा किया कि नासधार एप्रोच सड़क, रामपुर-आश्रम कटघरा पुल, गोगरी पुल, फतेहपुर पुल, दौरागाछी पुल, नयागांव में निर्माणाधीन अस्पताल तथा परबत्ता में निर्माणाधीन नाला जैसी कई परियोजनाओं का कार्य विभिन्न कारणों से प्रभावित है.

विलंब के कारण सार्वजनिक करने की मांग

पूर्व विधायक ने कहा कि यदि इन योजनाओं की प्रशासनिक स्वीकृति और टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी थी, तो कार्य में विलंब या ठहराव के कारणों की जानकारी सार्वजनिक की जानी चाहिए. उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं में देरी का खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है.

निष्पक्ष जांच की उठाई मांग

डॉ. संजीव कुमार ने मांग की कि यदि किसी स्तर पर विकास कार्यों में बाधा उत्पन्न हुई है, तो उसकी निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाए. उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं को समय पर पूरा करना जनहित में आवश्यक है और जनता इससे जुड़े सभी तथ्यों को जानना चाहती है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: पलटू झा

Published by: Shruti Kumari

पलटू झा प्रिंट माध्यम में 11 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. परबत्ता (खगड़िया) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >