Khagaria News: खगड़िया जिले के परबत्ता प्रखंड की माधवपुर पंचायत स्थित मुरादपुर गांव में वर्षों से भूमि विवाद के कारण रुका मध्य विद्यालय भवन निर्माण कार्य आखिरकार फिर से शुरू हो गया है. अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) के निर्देश के बाद निर्माण एजेंसी ने दोबारा काम शुरू कर दिया है. इसके साथ ही पंचायत सरकार भवन का निर्माण भी तेजी से आगे बढ़ रहा है. लंबे समय से इस परियोजना का इंतजार कर रहे ग्रामीणों ने राहत जताई है.
विद्यालय भवन का निर्माण शुरू होने से सबसे बड़ी राहत यहां पढ़ने वाले 667 छात्र-छात्राओं को मिलने की उम्मीद है. भवन के अभाव में बच्चों की पढ़ाई लंबे समय से प्रभावित हो रही थी.
दो कमरों में चल रही थी 667 बच्चों की पढ़ाई
ग्रामीणों के अनुसार, भवन निर्माण कार्य ठप रहने के कारण विद्यालय में उपलब्ध केवल दो कमरों में ही कक्षाओं का संचालन किया जा रहा था. जगह की कमी के कारण कई बच्चों को खुले आसमान के नीचे बैठकर पढ़ाई करनी पड़ती थी.
बरसात और तेज गर्मी के दिनों में यह समस्या और गंभीर हो जाती थी. शिक्षकों और विद्यार्थियों दोनों को सीमित संसाधनों के बीच पढ़ाई जारी रखनी पड़ रही थी.
बाढ़ से पहले मिट्टी भराई पूरी करने की तैयारी
निर्माण एजेंसी ने विद्यालय परिसर में प्लिंथ लेवल का कार्य तेज कर दिया है. एजेंसी का लक्ष्य संभावित बाढ़ से पहले मिट्टी भराई का काम पूरा करना है, ताकि आगे का निर्माण बिना किसी रुकावट के जारी रखा जा सके.
निर्माण स्थल पर स्थानीय ग्रामीण भी सहयोग कर रहे हैं. कई लोग स्वेच्छा से श्रमदान कर निर्माण कार्य में हाथ बंटा रहे हैं, जिससे काम में तेजी आई है.
Khagaria News: एसडीओ के हस्तक्षेप से निकला समाधान
माधवपुर पंचायत के मुखिया आशुतोष कुमार सिंह उर्फ बंटू सिंह ने बताया कि वर्षों से भूमि विवाद के कारण विद्यालय भवन का निर्माण अटका हुआ था. अनुमंडल पदाधिकारी के हस्तक्षेप, संबंधित विभागों की पहल और ग्रामीणों के सहयोग से अब निर्माण का रास्ता साफ हो गया है.
उन्होंने कहा कि नया भवन तैयार होने के बाद बच्चों को बेहतर शैक्षणिक माहौल मिलेगा और विद्यालय की शिक्षा व्यवस्था में भी बड़ा सुधार आएगा. साथ ही उम्मीद जताई कि निर्माण कार्य तय समयसीमा के भीतर पूरा कर लिया जाएगा.
ग्रामीणों ने गुणवत्ता के साथ समय पर निर्माण की उठाई मांग
गांव के लोगों ने निर्माण कार्य दोबारा शुरू होने पर खुशी जताई है. उनका कहना है कि लंबे समय से इस भवन का इंतजार था. नया विद्यालय भवन बनने से बच्चों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और गांव की शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा मिलेगी.
ग्रामीणों ने प्रशासन और निर्माण एजेंसी से गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से निर्माण पूरा कराने की भी मांग की है.
Also Read: भागलपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगा गंगाजल: 15 करोड़ की लागत से बिछेगी पाइपलाइन, अगले महीने होगा काम
