परबत्ता. प्रखंड अंतर्गत माधवपुर पंचायत स्थित मुरादपुर गांव निवासी देश के वीर सपूत शहीद अरविंद कुमार झा का शहादत दिवस युवाओं द्वारा श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया. इस अवसर पर गांव स्थित शहीद अरविंद झा की आदमकद प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की गई. युवाओं ने “शहीद अरविंद कुमार झा अमर रहें” के नारे लगाए, जिससे पूरा मुरादपुर गांव देशभक्ति के नारों से गूंज उठा. मौके पर फूल झा, अनुपम झा, गुलशन राहुल ,प्रिंस चेतन, धर्मेंद्र सिंह, ईश्वर झा ,मृदुल झा अंजनी झा ,अनुज झा ,अंकित ,प्रांशु साजन झा,दिलीप झा ,सन्नी आदि ग्रामीणों उपस्थित थे. बताते चलें कि शहीद जवान अरविंद कुमार झा का जन्म 2 मई 1975 को परबत्ता प्रखंड के मुरादपुर गांव में हुआ था. वे स्वर्गीय रामेश्वर झा एवं स्वर्गीय भगवती देवी के चौथे पुत्र थे. उनकी प्रारंभिक शिक्षा गांव के इंदिरा माध्यमिक विद्यालय तथा श्रीकृष्ण उच्च विद्यालय, नयागांव में हुई. अरविंद कुमार झा को वर्ष 1991 में दानापुर से भारतीय थल सेना में नियुक्ति मिली. वे 24 आरआर रेजिमेंट में शामिल होकर देश की रक्षा में तैनात रहे. 31 दिसंबर 2001 को जम्मू-कश्मीर के उड़ी सेक्टर में आतंकवादियों से मुकाबला करते हुए वे वीरगति को प्राप्त हुए. उनकी शहादत को आज भी गांव और क्षेत्र के लोग गर्व और सम्मान के साथ याद करते हैं.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
