खगड़िया जिले के पसराहा थाना क्षेत्र के बन्देहरा चौक पर शुक्रवार को बीच-बचाव करना एक अधेड़ को भारी पड़ गया. ऑटो चालक से विवाद कर रहे एक सनकी ने बीच-बचाव करने पहुंचे अधेड़ पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही सक्रिय हुई पुलिस ने पीछा कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया.
बीच-बचाव करने पर कुल्हाड़ी से किया हमला
जानकारी के अनुसार, महद्दीपुर निवासी अशोक यादव बन्देहरा चौक पर चाय पी रहे थे. इसी दौरान बन्देहरा निवासी बालेश्वर यादव एक ऑटो चालक से गाली-गलौज और बदसलूकी करने लगा. ऑटो में एक महिला भी सवार थी. अशोक यादव ने बीच-बचाव करते हुए बालेश्वर को झगड़ा करने से मना किया. इससे नाराज होकर आरोपित ने हाथ में मौजूद कुल्हाड़ी से अशोक यादव के पैर पर जोरदार वार कर दिया.
घायल को किया गया रेफर, आरोपित गिरफ्तार
हमले के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया. परिजन घायल अशोक यादव को इलाज के लिए गोगरी अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया.
घटना की सूचना मिलते ही पसराहा थाना पुलिस ने कार्रवाई शुरू की और पीछा करते हुए झंझरा पेट्रोल पंप के पास से आरोपित बालेश्वर यादव को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस उससे पूछताछ कर रही है.
