खगड़िया में ताजिया जुलूस के दौरान बवाल, पुलिस वाहन व निजी स्कूल पर पथराव, पुलिस बल तैनात

परबत्ता प्रखंड के मढ़ैया में मोहर्रम के ताजिया जुलूस के दौरान डीजे बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया. उग्र भीड़ ने पुलिस वाहन और एक निजी स्कूल को निशाना बनाते हुए पथराव किया, जिसके बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया.

परबत्ता (खगड़िया) से पलटू झा की रिपोर्ट

Khagariya News : परबत्ता प्रखंड के मढ़ैया आलम बाजार चौक के समीप शुक्रवार को मोहर्रम के ताजिया जुलूस के दौरान डीजे बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया. उग्र भीड़ ने पुलिस वाहन पर पथराव कर उसके शीशे तोड़ दिए. वहीं, एक निजी स्कूल पर भी पथराव किए जाने की सूचना है. घटना के बाद कुछ देर तक पूरे इलाके में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बना रहा.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ताजिया जुलूस निर्धारित मार्ग से गुजर रहा था. इसी दौरान जुलूस में डीजे बजाने को लेकर पुलिस ने आपत्ति जताई. इसे लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई. कुछ ही देर में भीड़ के एक हिस्से ने पथराव शुरू कर दिया. पथराव में पुलिस का एक वाहन क्षतिग्रस्त हो गया और उसके शीशे टूट गए. इसके अलावा पास स्थित एक निजी स्कूल पर भी पथराव किए जाने की बात सामने आई है. हालांकि स्कूल को हुए नुकसान की आधिकारिक पुष्टि प्रशासन की ओर से नहीं की गई है.

मढ़ैया थाना में पुलिस कर रही है कैंप

घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी डीएसपी समेत जिले के वरीय अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने मढ़ैया थाना में कैंप कर स्थिति की लगातार निगरानी शुरू कर दी. अतिरिक्त पुलिस बल को बुलाकर पूरे इलाके में तैनात किया गया, जिसके बाद हालात पर नियंत्रण पाया जा सका.

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है. ताजिया जुलूस शांतिपूर्वक संपन्न होने के बाद लोग अपने-अपने घरों को लौट गए हैं. क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार पुलिस गश्त की जा रही है और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है.

सीसीटीवी से हो रही है जांच

प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों तथा उपलब्ध वीडियो फुटेज की जांच की जा रही है. पथराव में शामिल उपद्रवियों की पहचान कर उनके खिलाफ विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की जाएगी. अधिकारियों ने आम लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने, सोशल मीडिया पर भ्रामक संदेश प्रसारित नहीं करने तथा आपसी सौहार्द और शांति बनाए रखने की अपील की है.

ALSO READ : भरत तिवारी के परिजनों से मिले रितेश पांडे और हुलास पांडे, बोले-न्याय मिलने तक लड़ेंगे, दोषियों के खिलाफ होगा स्पीडी ट्रायल

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ajeet kumar

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >