Khagaria News: अगर आपका राशन कार्ड अब तक नहीं बना है या परिवार के किसी सदस्य का नाम जोड़ना है, तो यह खबर आपके लिए जरूरी है. सरकार की ओर से राशन कार्ड से जुड़े लंबित कार्यों को पूरा करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसी कड़ी में खगड़िया नगर परिषद के वार्ड संख्या 30 में लाभुकों की सुविधा के लिए विशेष शिविर लगाया गया, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने आवेदन जमा किए.
इस शिविर का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र परिवारों तक सरकारी खाद्यान्न योजना का लाभ पहुंचाना है. शिविर में नए राशन कार्ड के आवेदन लेने के साथ-साथ पुराने राशन कार्ड में नए सदस्यों का नाम जोड़ने की प्रक्रिया भी पूरी की गई.
ठाकुरबाड़ी में लगाया गया विशेष कैंप
नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 30 स्थित बलुआही ठाकुरबाड़ी में आयोजित शिविर में स्थानीय राशन डीलर नवीन कुमार सिन्हा और विकास मित्र सरिता कुमारी ने लाभुकों के आवेदन पत्र भरवाकर जमा किए.
शिविर में वार्ड पार्षद रूबी कुमारी और पूर्व वार्ड पार्षद रणवीर कुमार भी मौजूद रहे. उन्होंने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार 30 जुलाई तक स्थानीय डीलर, विकास मित्र और आंगनबाड़ी केंद्रों पर राशन कार्ड से जुड़े आवेदन लिए जा रहे हैं.
उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पात्र परिवार इस सुविधा का लाभ उठा सकें, इसी उद्देश्य से वार्ड स्तर पर शिविर का आयोजन किया गया.
नया राशन कार्ड बनवाने के लिए कौन-कौन से दस्तावेज जरूरी?
शिविर में लोगों को नए राशन कार्ड के लिए जरूरी दस्तावेजों की जानकारी भी दी गई.
आवेदक को आवासीय प्रमाण पत्र या वोटर कार्ड, एक लाख रुपये से कम आय का प्रमाण पत्र, बैंक पासबुक, चालू मोबाइल नंबर, परिवार के सभी सदस्यों का आधार कार्ड, सभी सदस्यों की अलग-अलग फोटो, एक संयुक्त पारिवारिक फोटो तथा निर्धारित प्रपत्र 'क' भरकर स्थानीय डीलर या विकास मित्र के पास जमा करना होगा.
पुराने राशन कार्ड में नाम जोड़ने की प्रक्रिया
यदि किसी परिवार को पुराने राशन कार्ड में नए सदस्य का नाम जोड़ना है, तो इसके लिए भी आवश्यक दस्तावेज निर्धारित किए गए हैं.
राशन कार्ड धारक का आवासीय प्रमाण पत्र या वोटर कार्ड, बैंक पासबुक, चालू मोबाइल नंबर, सभी सदस्यों का आधार कार्ड, प्रत्येक सदस्य की अलग-अलग फोटो, संयुक्त पारिवारिक फोटो, पुराने राशन कार्ड की फोटो कॉपी तथा प्रपत्र 'ख' भरकर संबंधित डीलर या विकास मित्र के पास जमा करना होगा.
Khagaria News: क्यों जरूरी है यह अभियान?
राशन कार्ड केवल खाद्यान्न प्राप्त करने का माध्यम नहीं है, बल्कि कई सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए भी महत्वपूर्ण दस्तावेज माना जाता है. ऐसे में जिन पात्र परिवारों का राशन कार्ड अब तक नहीं बना है या जिनके परिवार में नए सदस्य जुड़े हैं, उनके लिए यह अभियान काफी उपयोगी साबित हो सकता है.
प्रशासन ने पात्र लाभुकों से अपील की है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन जमा कर इस सुविधा का लाभ जरूर उठाएं.
Also Read: NEET प्रदर्शनकारियों पर बड़ा फैसला, बिहार सरकार वापस लेगी दर्ज FIR, जल्द होंगे रिहा
