खगड़िया में झमाझम बारिश से किसानों की लौटी मुस्कान, धान रोपनी को मिली रफ्तार, जानें अगले 4 दिन कैसा रहेगा मौसम

खगड़िया जिले में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है, जिससे किसानों के चेहरे खिल उठे हैं. धान की रोपनी तेज हो गई है, लेकिन शहर में जलजमाव से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं. मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक बारिश की संभावना जताई है.

Khagaria Rain Update: खगड़िया जिले में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो चुका है. शुक्रवार शाम से शुरू हुई झमाझम बारिश शनिवार तक जारी रही, जिससे मौसम सुहाना हो गया और किसानों के चेहरे खिल उठे. धान की रोपनी के लिए खेतों में पर्याप्त नमी बनने लगी है, जबकि मक्का, दलहन और अन्य खरीफ फसलों को भी इस बारिश का सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है. मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक रुक-रुक कर अच्छी बारिश की संभावना जताई है. हालांकि लगातार बारिश के कारण शहर की कई प्रमुख सड़कों पर जलजमाव से लोगों की मुश्किलें भी बढ़ गई हैं.

अगले चार दिन मेहरबान रहेगा मानसून

मौसम विभाग के अनुसार जिले में बारिश का सिलसिला फिलहाल थमने वाला नहीं है. 12 जुलाई को लगभग 25 मिमी, 13 जुलाई को 24 मिमी और 14 जुलाई को करीब 55 मिमी बारिश होने की संभावना है. अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. शनिवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. हवा में 80 प्रतिशत नमी के कारण उमस भी बनी रही.

खेतों में लौटी रौनक, धान रोपनी ने पकड़ी रफ्तार

लगातार हो रही बारिश से खेतों में पर्याप्त नमी बन गई है. इससे धान की रोपनी तेज होने की उम्मीद है. कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक विपुल कुमार मंडल ने बताया कि वर्तमान मौसम धान की रोपाई के लिए बेहद अनुकूल है. उन्होंने किसानों को समय पर रोपनी पूरी करने, खेतों में अतिरिक्त पानी नहीं रुकने देने और कीट व रोगों की नियमित निगरानी करने की सलाह दी है. उन्होंने यह भी कहा कि बिजली चमकने और तेज बारिश के दौरान खेतों में काम करने से बचना चाहिए.

Khagaria Rain Update: बारिश से राहत भी, शहर में बढ़ी परेशानी भी

बारिश ने गर्मी से राहत जरूर दिलाई, लेकिन शहर के कई इलाकों में जलजमाव ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी. कचहरी रोड स्थित शिव मंदिर वाली सड़क पर जलनिकासी नहीं होने के कारण सड़क तालाब जैसी दिखने लगी. इसी रास्ते से जल संसाधन विभाग, कोषागार और उपभोक्ता न्यायालय सहित कई सरकारी कार्यालयों तक लोगों को गुजरना पड़ता है. बाजारों में भी बारिश के कारण सन्नाटा पसरा रहा और लोग दुकानों में शरण लेने को मजबूर दिखे.

मौसम बदलते ही बढ़ा बीमारियों का खतरा

स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि बारिश और उमस का मौसम वायरल बुखार, सर्दी-खांसी, डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, दस्त और त्वचा संक्रमण जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ा सकता है. लोगों को स्वच्छ पानी पीने, ताजा भोजन करने, घर के आसपास पानी जमा नहीं होने देने और मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाने चाहिए. बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की भी सलाह दी गई है.

Also Read: भागलपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगा गंगाजल: 15 करोड़ की लागत से बिछेगी पाइपलाइन, अगले महीने होगा काम

Also Read: भागलपुर स्टेशन पर शुरू हुआ स्लीपिंग पॉड यात्री निवास की सुविधा, 46 बेड की सुविधा, दो स्पेशल ट्रेनों पर भी बड़ा अपडेट


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Amarjeet kumar

Published by: Pratyush Prashant

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >