खगड़िया के सलारपुर में हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर की चारदीवारी से रास्ता बंद होने की आशंका, ग्रामीणों ने एसडीओ से लगाई गुहार

खगड़िया के सलारपुर हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर की प्रस्तावित चारदीवारी से स्थानीय लोगों का रास्ता बंद होने की आशंका है. आसपास के करीब एक दर्जन परिवारों ने प्रशासन से सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग की मांग की है. मामले की जांच जारी है.

Khagaria News: खगड़िया जिले के परबत्ता प्रखंड स्थित सलारपुर हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर की प्रस्तावित घेराबंदी अब स्थानीय लोगों के लिए नई चिंता बन गई है. आसपास रहने वाले करीब एक दर्जन परिवारों ने गोगरी अनुमंडल प्रशासन को आवेदन देकर आशंका जताई है कि चारदीवारी बनने के बाद उनके घरों तक पहुंचने का वर्षों पुराना रास्ता बंद हो सकता है. ग्रामीणों ने प्रशासन से करीब 250 फीट लंबा सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में आवागमन और आपातकालीन सेवाओं में कोई बाधा न आए.

वर्षों से इसी रास्ते से आना-जाना करते हैं ग्रामीण

ग्रामीणों का कहना है कि वे लंबे समय से हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर परिसर के किनारे से होकर अपने घरों तक पहुंचते रहे हैं. यदि प्रस्तावित घेराबंदी पूरी हो गई और वैकल्पिक रास्ते की व्यवस्था नहीं की गई, तो उनके सामने गंभीर समस्या खड़ी हो जाएगी.

अनिल पोद्दार, विजय पोद्दार, मुकेश पोद्दार, सोनू नवल, मीना देवी, निभा देवी और अमित पोद्दार सहित अन्य ग्रामीणों ने प्रशासन को दिए आवेदन में कहा है कि उनके पास आने-जाने के लिए कोई दूसरा सुविधाजनक मार्ग उपलब्ध नहीं है.

आपात स्थिति में बढ़ सकती है परेशानी

ग्रामीणों ने आवेदन में विशेष रूप से उल्लेख किया है कि रास्ता बंद होने की स्थिति में मरीजों, बुजुर्गों, बच्चों और वाहनों के आवागमन में गंभीर कठिनाई हो सकती है.

उन्होंने कहा कि यदि किसी परिवार में अचानक स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थिति उत्पन्न होती है, तो एंबुलेंस या अन्य वाहन घर तक नहीं पहुंच पाएंगे. इसलिए घेराबंदी से पहले वैकल्पिक मार्ग सुनिश्चित करना आवश्यक है.

अधिकारियों ने किया स्थल निरीक्षण

शिकायत मिलने के बाद कार्यपालक दंडाधिकारी और परबत्ता अंचल अधिकारी हरिनाथ राम ने हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर परिसर का निरीक्षण किया.

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर स्थिति की जानकारी ली और रास्ते से संबंधित आवेदन का परीक्षण किया. अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर वरीय अधिकारियों के निर्देशानुसार आगे की प्रक्रिया अपनाई जाएगी.

अतिक्रमण हटाने के बाद शुरू हुई घेराबंदी

स्थानीय लोगों के अनुसार हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर की जमीन पहले अतिक्रमण की चपेट में थी. प्रशासन ने कई चरणों में नापी और कार्रवाई कर परिसर को अतिक्रमण से मुक्त कराया.

इसके बाद परिसर की सुरक्षा और सीमांकन के लिए घेराबंदी का कार्य शुरू किया गया. इसी प्रक्रिया के दौरान पीछे बसे परिवारों ने पुराने आवागमन मार्ग के बंद होने की आशंका जताई है.

Khagaria News: प्रशासनिक जांच के बाद होगा फैसला

फिलहाल पूरे मामले में प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है. ग्रामीणों को उम्मीद है कि उनकी समस्या को गंभीरता से देखते हुए ऐसा समाधान निकाला जाएगा, जिससे हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर की घेराबंदी भी पूरी हो सके और प्रभावित परिवारों का आवागमन भी बाधित न हो.

अब स्थानीय लोगों की निगाहें प्रशासनिक जांच और आगे लिए जाने वाले निर्णय पर टिकी हैं.

Also Read: 10 साल, शराबबंदी और हजारों करोड़ का नुकसान... बिहार में आखिर क्या बदला? पूरी तस्वीर आंकड़ों में समझिए

Also Read: बिहार में रात 11 बजे भी पढ़ाएंगे सरकारी स्कूलों के टीचर, 15 अगस्त से शुरू होगी ऑनलाइन क्लास, सम्राट चौधरी का ऐलान


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By पलटू झा

पलटू झा प्रिंट माध्यम में 11 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. परबत्ता (खगड़िया) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >