खगड़िया में चंदा जुटाकर ग्रामीणों ने बनाया फसल सुरक्षा बांध, हजारों एकड़ खेती को मिलेगी राहत

Khagaria news: ग्रामीणों ने बताया कि हर वर्ष बरसात के दौरान नदी का जलस्तर बढ़ने पर बरहारा सहित आसपास के कई गांवों में बाढ़ का पानी फैल जाता था. इससे किसानों की मकई समेत अन्य फसलें बर्बाद हो जाती थीं और लोगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता था.


महुआ चाही में 10 लाख रुपये की लागत से बना बांध, बाढ़ से फसलों की सुरक्षा की उम्मीद

सहरसा से राजेश कुमार डेनजील की रिपोर्ट:

Khagaria news: सरकारी स्तर पर समाधान नहीं मिलने पर डरहार पंचायत के ग्रामीणों ने आपसी सहयोग और जनभागीदारी की मिसाल पेश करते हुए फसल सुरक्षा बांध का निर्माण करा दिया. प्रखंड की डरहार पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या-11 स्थित महुआ चाही में ग्रामीणों ने चंदा जुटाकर करीब 10 लाख रुपये की लागत से बांध का निर्माण कराया है.

ग्रामीणों ने बताया कि हर वर्ष बरसात के दौरान नदी का जलस्तर बढ़ने पर बरहारा सहित आसपास के कई गांवों में बाढ़ का पानी फैल जाता था. इससे किसानों की मकई समेत अन्य फसलें बर्बाद हो जाती थीं और लोगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता था.

लगातार हो रहे नुकसान से परेशान ग्रामीणों ने इस बार खुद पहल की. गांव में बैठक कर चंदा संग्रह अभियान चलाया गया, जिसमें लगभग सभी परिवारों ने अपनी क्षमता के अनुसार आर्थिक सहयोग दिया. इसके बाद महुआ चाही में फसल सुरक्षा बांध का निर्माण कराया गया.

स्थानीय किसानों का कहना है कि बांध बनने से हजारों एकड़ कृषि भूमि को बाढ़ के पानी से बचाने में मदद मिलेगी. इससे मकई सहित अन्य फसलों को संभावित नुकसान से राहत मिलने की उम्मीद है. बांध निर्माण के बाद किसानों में उत्साह का माहौल है.

ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से क्षेत्र की बाढ़ समस्या के स्थायी समाधान की मांग भी की है. उनका कहना है कि सरकार की ओर से मजबूत एवं स्थायी तटबंध या सुरक्षा संरचना का निर्माण कराया जाना चाहिए, ताकि हर वर्ष ग्रामीणों को अपने स्तर पर इस तरह की व्यवस्था नहीं करनी पड़े.

ग्रामीणों ने कहा कि महुआ चाही में बना यह बांध गांव की एकजुटता, सहयोग और आत्मनिर्भरता का प्रतीक है. क्षेत्र में इस पहल की सराहना की जा रही है और इसे सामूहिक प्रयास की मिसाल माना जा रहा है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Shruti Kumari

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >