खगड़िया से प्रवीण कुमार प्रियांशु की रिपोर्ट:
Khagaria news: खगड़िया जिले के बहादुरपुर थाना क्षेत्र के छिलकौड़ी पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या-05 नवटोलिया में हथियारबंद बदमाशों द्वारा घर में घुसकर मारपीट और लूटपाट करने का मामला सामने आया है. घटना को लेकर पीड़िता ने थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है.
पीड़िता विमला देवी ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि गुरुवार सुबह करीब नौ बजे वह अपने दो पोतों के साथ घर पर थीं. इसी दौरान पड़ोस के कुछ लोग हथियार और लाठी-डंडे लेकर उनके घर में घुस आए. आरोप है कि सभी लोग पूर्व में दर्ज एक मामले को वापस लेने का दबाव बना रहे थे.
विरोध करने पर आरोपियों ने वृद्ध महिला और उनके पोतों के साथ मारपीट की. पीड़िता ने आरोप लगाया कि बदमाशों ने घर में रखे सोने के जेवर, नगद रुपये, लैपटॉप और मोबाइल फोन लूट लिया. शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो आरोपी हवाई फायरिंग करते हुए वहां से फरार हो गए.
घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया. ग्रामीणों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी.
इस संबंध में बहादुरपुर थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि पीड़िता के आवेदन पर कांड संख्या 27/26 दर्ज कर लिया गया है. नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. मामले की जांच की जा रही है.
