खगड़िया से प्रवीण कुमार प्रियांशु की रिपोर्ट:
Khagaria news: खगड़िया जिले के अलौली थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक बाइक सवार युवक पर जानलेवा हमला कर दिया. घटना बथनाहा-गढ़बन्नी नदी पुल के पास शुक्रवार रात की बताई जा रही है. हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. बदमाशों ने युवक से ₹1500 नकद लूट लिए और ₹10 हजार रंगदारी नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी. ग्रामीणों की मदद से एक आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया, जबकि अन्य आरोपी फरार हो गए.
पीड़ित रामध्यान कुमार (29), निवासी गढ़बन्नी, ने अलौली थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. आवेदन में बताया गया है कि वह शुक्रवार रात करीब 9 बजे बाइक से घरेलू सामान लेने बाजार जा रहा था. इसी दौरान बथनाहा-गढ़बन्नी नदी पुल के नीचे एमपी यादव की कोल्ड ड्रिंक दुकान के पास पहले से घात लगाए बदमाशों ने उसे रोक लिया.
पीड़ित के अनुसार, आरोपी कुंदन यादव ने उसकी जेब से जबरन ₹1500 निकाल लिए. विरोध करने पर सभी आरोपियों ने मिलकर उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी. इस दौरान हथियार के बट से सिर पर हमला किया गया, जिससे उसका सिर फट गया और वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया.
घटना के बाद आरोपियों ने युवक से ₹10 हजार रंगदारी की मांग करते हुए धमकी दी कि रकम नहीं देने पर जान से मार दिया जाएगा. युवक की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों को आता देख आरोपी भागने लगे, लेकिन लोगों ने साहस दिखाते हुए मुख्य आरोपी कुंदन यादव को पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया.
सूचना मिलने पर अलौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए अलौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा. गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे सदर अस्पताल खगड़िया रेफर कर दिया.
थानाध्यक्ष कृष्णा कुमार ने बताया कि पीड़ित के आवेदन पर कांड संख्या 210/26 दर्ज कर लिया गया है. गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है.
ALSO READ: दहेज के लिए विवाहिता से मारपीट, छह लोगों पर प्राथमिकी दर्ज
