Khagaria News: मानसी प्रखंड के बलहा पंचायत निवासी युवराज ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) में सफलता हासिल कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है. उनकी इस उपलब्धि पर आयोजित सम्मान समारोह में प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) राजीव कुमार और अंचलाधिकारी (सीओ) लीलावती कुमारी ने उन्हें अंगवस्त्र, सम्मान पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया.
समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीण, शिक्षाविद और स्थानीय लोग मौजूद रहे. सभी ने युवराज की मेहनत और सफलता की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
'पूरे जिले का नाम रोशन किया'
बीडीओ राजीव कुमार ने कहा कि युवराज ने NEET जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता प्राप्त कर अपने परिवार के साथ-साथ बलहा पंचायत, मानसी प्रखंड और पूरे खगड़िया जिले का गौरव बढ़ाया है.
उन्होंने कहा कि युवराज जैसे छात्र ग्रामीण क्षेत्रों के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा हैं. उन्होंने विश्वास जताया कि युवराज भविष्य में एक सफल चिकित्सक बनकर समाज की सेवा करेंगे.
माता-पिता के संघर्ष को दिया सफलता का श्रेय
अंचलाधिकारी लीलावती कुमारी ने युवराज की सफलता के पीछे उनके माता-पिता के संघर्ष, समर्पण और सहयोग को सबसे बड़ी ताकत बताया.
उन्होंने कहा कि किसी भी बच्चे की उपलब्धि के पीछे परिवार का त्याग और निरंतर प्रोत्साहन महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. ऐसे उदाहरण समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक संदेश देते हैं.
Khagaria News: ग्रामीण छात्रों के लिए बनी प्रेरणा
कार्यक्रम में मौजूद डॉ. शंभु शरण शर्मा और बीस सूत्री सदस्य राजाराम सिंह ने कहा कि युवराज की सफलता से पूरे बलहा गांव और आसपास के क्षेत्र में खुशी का माहौल है.
उन्होंने कहा कि ग्रामीण परिवेश से निकलकर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षा में सफलता हासिल करना आसान नहीं होता. युवराज की उपलब्धि अन्य छात्र-छात्राओं को भी चिकित्सा शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रेरित करेगी.
शिक्षा से बदल सकती है गांव की तस्वीर
समारोह की अध्यक्षता कर रहे संतोष कुमार ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है. यदि विद्यार्थियों को सही मार्गदर्शन और अवसर मिले तो वे राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं.
उन्होंने कहा कि युवराज की सफलता यह साबित करती है कि मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के दम पर बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं.
कार्यक्रम में मुकेश सिंह, सुदाम कुमार, कंचन देवी, राजेंद्र महतो, अमन कुमार, अजीत कुमार, श्रीशांत, प्रियकांत सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे.
Also Read: NEET प्रदर्शनकारियों पर बड़ा फैसला, बिहार सरकार वापस लेगी दर्ज FIR, जल्द होंगे रिहा
