डेंगू पर सख्त हुआ खगड़िया प्रशासन, डीएम ने स्वास्थ्य विभाग और पंचायतों को दिए कई अहम निर्देश

खगड़िया जिले में डेंगू के बढ़ते खतरे को देखते हुए प्रशासन ने कमर कस ली है. डीएम विक्रम विरकर ने स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय निकायों को समय पर पहचान, प्रभावी उपचार और जनजागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए हैं. सभी विभागों को मिलकर काम करने की अपील की गई है.

Khagaria Dengue Alert: खगड़िया जिले में डेंगू की रोकथाम को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है. शनिवार को सदर अस्पताल स्थित जीएनएम ट्रेनिंग स्कूल सभागार में हुई जिला समन्वय समिति की बैठक में डीएम विक्रम विरकर ने स्वास्थ्य विभाग और अन्य संबंधित विभागों को कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए. बैठक का उद्देश्य डेंगू की समय पर पहचान, प्रभावी उपचार, फॉगिंग, लार्विसाइड छिड़काव और व्यापक जनजागरूकता अभियान को तेज करना था.

डेंगू की पुष्टि होने पर परिवार के सभी सदस्यों की होगी जांच

डीएम ने सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि ग्रामीण और निजी चिकित्सकों के साथ समन्वय बैठक कर डेंगू नियंत्रण की रणनीति साझा की जाए. उन्होंने कहा कि रैपिड डायग्नोस्टिक टेस्ट (RDT) में पॉजिटिव पाए गए मरीजों का कन्फर्मेटरी एलिसा टेस्ट (ELISA Test) अनिवार्य रूप से सदर अस्पताल में कराया जाए.

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि एलिसा टेस्ट से डेंगू की पुष्टि होने पर मरीज के परिवार के सभी सदस्यों की जांच की जाएगी और प्रभावित इलाके में तुरंत फॉगिंग तथा लार्विसाइड का छिड़काव कराया जाएगा.

पंचायत और नगर निकायों को एंटी-लार्वा केमिकल खरीदने का निर्देश

डीएम ने सभी ग्राम पंचायतों और नगर पंचायतों को एंटी-लार्वा केमिकल की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. नगर परिषद को पर्याप्त मात्रा में टेक्निकल मलेथियान और लार्विसाइड का नियमित छिड़काव कराने को कहा गया है.

प्रशासन का मानना है कि मच्छरों के लार्वा को शुरुआती स्तर पर नष्ट करने से डेंगू के प्रसार को काफी हद तक रोका जा सकता है.

स्कूलों में हर बुधवार डेंगू जागरूकता अभियान

शिक्षा विभाग को निर्देश दिया गया कि प्रत्येक बुधवार विद्यालयों में डेंगू जागरूकता प्रशिक्षण आयोजित किया जाए. साथ ही प्रतिदिन प्रार्थना सभा के दौरान छात्रों को डेंगू से बचाव के उपायों की जानकारी दी जाए.

स्वास्थ्य विभाग जीविका समूहों, पंचायत प्रतिनिधियों और आम नागरिकों को भी प्रशिक्षित करेगा, ताकि गांव-गांव तक जागरूकता अभियान पहुंच सके.

सोशल मीडिया और लाउडस्पीकर से चलेगा अभियान

डेंगू के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए फेसबुक लाइव, सोशल मीडिया, नगर परिषद के कचरा वाहनों पर लगे लाउडस्पीकर और एलसीडी स्क्रीन का उपयोग किया जाएगा. इसके अलावा निजी लैब तकनीशियनों के लिए आरडीटी किट और एलिसा टेस्ट प्रोटोकॉल पर विशेष बैठक आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए हैं.

Khagaria Dengue Alert:"डेंगू नियंत्रण सभी की सामूहिक जिम्मेदारी"

डीएम विक्रम विरकर ने कहा कि डेंगू नियंत्रण केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं है. इस बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण तभी संभव है जब सभी विभाग और आम नागरिक मिलकर सक्रिय भूमिका निभाएं.

उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित कार्ययोजना का समयबद्ध और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

Also Read: Bypass Project In Bihar: बिहार को मिलेंगे 7 नए बाइपास, लंबी दूरी के लिए मिलेगा वैकल्पिक रूट, जानिए कहां-कहां बनेंगे

Also Read: Akash Deep Mukesh Kumar DSP: ऐसा नहीं करने पर क्रिकेटर आकाशदीप और मुकेश की नौकरी पड़ सकती है खतरे में, जानिए क्या है शर्त


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राजकिशोर सिंह

राजकिशोर सिंह प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. अभी प्रभात खबर के खगड़िया कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति, राजनीति की खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >