खगड़िया में आधी रात खूनी वारदात: घर में घुसकर महिला की हत्या, दंपती समेत मासूम नतनी गंभीर

Khagaria crime news: मृतका की पहचान खरैता निवासी जयकांत पासवान की पुत्री रचना कुमारी के रूप में हुई है. वहीं हमले में जयकांत पासवान, उनकी पत्नी पार्वती देवी तथा 10 वर्षीय नतनी परी कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गईं. सभी घायलों को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौथम पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल खगड़िया रेफर कर दिया गया. इलाज के दौरान रचना कुमारी ने दम तोड़ दिया.

जमीनी विवाद में वारदात की आशंका . सीसीटीवी फुटेज और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर जांच में जुटी पुलिस

चौथम से धीरज सिंह बंटू की रिपोर्ट:

Khagaria crime news: चौथम थाना क्षेत्र के करुआमोड़ के समीप रविवार की मध्य रात्रि हुई खूनी वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया. अज्ञात हमलावरों ने घर में घुसकर एक ही परिवार के चार लोगों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया. हमले में एक महिला की मौत हो गई, जबकि परिवार के तीन अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी, भय और आक्रोश का माहौल है.

मृतका की पहचान खरैता निवासी जयकांत पासवान की पुत्री रचना कुमारी के रूप में हुई है. वहीं हमले में जयकांत पासवान, उनकी पत्नी पार्वती देवी तथा 10 वर्षीय नतनी परी कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गईं. सभी घायलों को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौथम पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल खगड़िया रेफर कर दिया गया. इलाज के दौरान रचना कुमारी ने दम तोड़ दिया.

घायलों में जयकांत पासवान और उनकी पत्नी पार्वती देवी की हालत गंभीर बताई जा रही है. चिकित्सकों ने दोनों को बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया है. वहीं मासूम परी कुमारी का इलाज जारी है. परिजनों के अनुसार दोनों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है.

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए. सोमवार सुबह तक पीड़ित परिवार के घर के बाहर लोगों की भारी भीड़ जुटी रही. इस नृशंस वारदात को लेकर पूरे इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है.

स्थानीय लोगों के अनुसार हमलावर संभवतः परिवार का परिचित हो सकता है. ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि आरोपी देर रात घर में मौजूद था और चाय-नाश्ता करने के बाद मौका देखकर वारदात को अंजाम दिया. हालांकि पुलिस ने इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और हर पहलू की जांच की जा रही है.

घटना की गंभीरता को देखते हुए सदर डीएसपी मुकुल रंजन स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे. उनके साथ पहुंची फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है.

प्रारंभिक जांच में मामला जमीनी विवाद से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि पुलिस किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी संभावित कारणों की पड़ताल कर रही है. अधिकारियों का मानना है कि रिश्तेदारों और परिचितों से पूछताछ के बाद कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं.

मौके पर डीएसपी मुकुल रंजन ने कहा कि पुलिस घटना के हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है. उन्होंने बताया कि पीड़ित परिवार के रिश्तेदारों को भी बुलाया जा रहा है, ताकि घटना के पीछे के कारणों और संभावित आरोपितों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके.

उन्होंने कहा, “घायलों का बेहतर इलाज सुनिश्चित करना हमारी पहली प्राथमिकता है. साथ ही मामले की निष्पक्ष और वैज्ञानिक तरीके से जांच कर दोषियों की पहचान और गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी.”

वहीं चौथम थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि पुलिस टीम सीसीटीवी फुटेज, फॉरेंसिक रिपोर्ट, परिजनों के बयान तथा अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण कर रही है. उन्होंने कहा कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा और घटना में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा.

घटना की जानकारी मिलते ही प्रमुख प्रतिनिधि चंदन सिंह, लोजपा (रा.) प्रखंड अध्यक्ष रामप्रीत कुमार, राजद नेता सुमित कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे. सभी ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर सांत्वना व्यक्त की तथा अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की.

फिलहाल पुलिस सभी उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की गुत्थी सुलझाने में जुटी हुई है. इस हृदयविदारक घटना से पूरे चौथम क्षेत्र में शोक की लहर है. मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि घायल अस्पताल में जिंदगी और मौत से जंग लड़ रहे हैं. पूरे इलाके की निगाहें अब पुलिस जांच और अपराधियों की गिरफ्तारी पर टिकी हुई हैं.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Shruti Kumari

श्रुति कुमारी एक पत्रकार और डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से अंग्रेजी पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त किया है। वर्तमान में वे प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें विभिन्न प्लाटफॉर्म्स पर डिजिटल पत्रकारिता और कंटेंट राइटिंग का लगभग दो वर्षों का अनुभव है। सामाजिक मुद्दों, महिला सशक्तिकरण, राजनीति, शिक्षा और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लिखना उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है। इसके अलावा वे डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए स्क्रिप्ट राइटिंग करती हैं तथा हिंदी कविता और अंगिका भाषा में लेखन का भी शौक रखती हैं। प्रकृति से उनका विशेष लगाव है और वे मानती हैं कि संवेदनशील, तथ्यपरक और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन सकती है।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >