Khagaria Flood Alert: खगड़िया जिले के चौथम प्रखंड में कोसी और बागमती नदी के बढ़ते जलस्तर ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है. नेपाल के जलग्रहण क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण दोनों नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है. इसके चलते निचले इलाकों में पानी फैलने लगा है और कई स्थानों पर बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है.
कोसी बराज से छोड़ा गया 1.73 लाख क्यूसेक पानी
प्राप्त जानकारी के अनुसार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए कोसी बराज के 22 फाटकों से अधिकतम 1 लाख 73 हजार 385 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है. यह इस वर्ष का अब तक का सबसे अधिक जलप्रवाह बताया जा रहा है. इसका असर सुपौल और सहरसा के साथ-साथ खगड़िया जिले के चौथम क्षेत्र में भी दिखाई देने लगा है.
दो से तीन फीट तक बढ़ा नदी का जलस्तर
चौथम क्षेत्र में कोसी नदी के जलस्तर में करीब दो से तीन फीट तक वृद्धि दर्ज की गई है. जलस्तर बढ़ने के कारण निचले क्षेत्रों में बाढ़ का पानी फैलने लगा है. पशुओं के चारे वाले खेत, कृषि भूमि और अन्य निचले इलाके जलमग्न हो गए हैं.
दियारा क्षेत्र में बढ़ी लोगों की मुश्किलें
Khagaria Flood Alert: दियारा क्षेत्र के कई गांवों में आवागमन प्रभावित होने लगा है. ग्रामीणों को रोजमर्रा के कार्यों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से राहत व्यवस्था मजबूत करने और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने की मांग की है.
प्रशासन और जल संसाधन विभाग अलर्ट
प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को सतर्क रहने तथा संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया है. जल संसाधन विभाग-2 के कार्यपालक अभियंता मनीष कुमार ने बताया कि कोसी नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जबकि बागमती नदी खतरे के निशान को पार कर चुकी है. विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और आवश्यक एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं.
Also Read: भागलपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगा गंगाजल: 15 करोड़ की लागत से बिछेगी पाइपलाइन, अगले महीने होगा काम
