खगड़िया में 15 अगस्त का पूरा कार्यक्रम जारी, प्रभारी मंत्री मदन सहनी करेंगे मुख्य झंडोत्तोलन, जानें पूरा शेड्यूल

खगड़िया में स्वतंत्रता दिवस समारोह की भव्य तैयारी, जेएनकेटी मैदान में झंडोत्तोलन, झांकी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

खगड़िया. स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जिले में दिनभर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा. मुख्य समारोह जेएनकेटी इंटरस्तरीय विद्यालय परिसर के मैदान में होगा, जहां प्रभारी मंत्री मदन सहनी झंडोत्तोलन करेंगे. इस दौरान जिलाधिकारी विक्रम विरकर, पुलिस अधीक्षक भानू प्रताप सिंह समेत जिले के वरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि और आम लोग मौजूद रहेंगे. जिला प्रशासन ने स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर कार्यक्रमों का विस्तृत समय भी जारी किया है.

मुख्य समारोह में दिखेगी विकास की झलक

जेएनकेटी इंटरस्तरीय विद्यालय मैदान में सुबह 9 बजे मुख्य राष्ट्रीय ध्वजारोहण समारोह आयोजित होगा. प्रभारी मंत्री मदन सहनी राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे. समारोह के दौरान विभिन्न विभागों की ओर से आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी. इन झांकियों में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं को प्रदर्शित किया जाएगा.

उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मी होंगे सम्मानित

स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान विभिन्न विभागों में बेहतर और उल्लेखनीय कार्य करने वाले अधिकारी एवं कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा. जिला प्रशासन की ओर से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मियों को सम्मानित करने का उद्देश्य सरकारी कार्यों में बेहतर प्रदर्शन के लिए उनका उत्साह बढ़ाना है.

नगर परिषद में होगा शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा का अनावरण

नगर परिषद की ओर से भी स्वतंत्रता दिवस पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. नगर परिषद कार्यालय परिसर में सुबह 7:15 बजे झंडोत्तोलन किया जाएगा. इसके बाद स्टेशन रोड स्थित कार्यक्रम में अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा का अनावरण नगर परिषद की सभापति अर्चना कुमारी करेंगी.

शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम, दोपहर में क्रिकेट मैच

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दोपहर 2 बजे जेएनकेटी इंटरस्तरीय विद्यालय मैदान में फैन्सी क्रिकेट मैच आयोजित होगा. वहीं शाम 5 बजे से रात 7 बजे तक जिला खेल भवन में सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा. सांस्कृतिक कार्यक्रम में देशभक्ति और स्थानीय संस्कृति से जुड़े कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहेंगे.

जानिये स्वतंत्रता दिवस का पूरा शेड्यूल

समयस्थानकार्यक्रम
सुबह 7:15 बजेनगर परिषद कार्यालयझंडोत्तोलन
सुबह 9:00 बजेजेएनकेटी इंटरस्तरीय विद्यालय मैदानमुख्य राष्ट्रीय ध्वजारोहण समारोह
सुबह 9:00 बजेमोरकाही थाना परिसरथानाध्यक्ष द्वारा झंडोत्तोलन
सुबह 10:10 बजेसमाहरणालय परिसरडीएम द्वारा झंडोत्तोलन
सुबह 10:25 बजेडीआरडीए कार्यालयडीडीसी द्वारा झंडोत्तोलन
सुबह 10:35 बजेअनुमंडल कार्यालयसदर एसडीओ द्वारा झंडोत्तोलन
सुबह 10:55 बजेपुलिस केंद्रएसपी द्वारा झंडोत्तोलन
सुबह 11:15 बजेजिला परिषद कार्यालयजिला परिषद अध्यक्ष द्वारा झंडोत्तोलन
दोपहर 2:00 बजेजेएनकेटी इंटरस्तरीय विद्यालय मैदानफैन्सी क्रिकेट मैच
शाम 5:00 से 7:00 बजेजिला खेल भवनसांस्कृतिक कार्यक्रम

देशभक्ति के रंग में रंगेगा खगड़िया

जिले में स्वतंत्रता दिवस को लेकर प्रशासनिक तैयारियों के साथ लोगों में भी उत्साह है. मुख्य समारोह से लेकर नगर परिषद, पुलिस केंद्र, समाहरणालय और अन्य सरकारी कार्यालयों में होने वाले ध्वजारोहण कार्यक्रमों के जरिए स्वतंत्रता दिवस मनाया जाएगा. झांकियों, खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सम्मान समारोह के माध्यम से जिले में राष्ट्रीय एकता, विकास और देशभक्ति का संदेश दिया जाएगा.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राजकिशोर सिंह

राजकिशोर सिंह प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. अभी प्रभात खबर के खगड़िया कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति, राजनीति की खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >