खगड़िया से अमित कुमार की रिपोर्ट:
Jan Kalyan Camp: खगड़िया जिले के विभिन्न प्रखंडों में 18 जून तक तीन दिवसीय प्रखंड सहयोग-सह-जन कल्याण शिविर का आयोजन किया जा रहा है. इसी क्रम में मोरकाही थाना क्षेत्र अंतर्गत दहमा खैरी खुटहा पंचायत स्थित विद्यालय परिसर में शिविर का आयोजन किया गया. शिविर का उद्देश्य आम लोगों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है.
शिविर में आयुष्मान कार्ड, वय वंदना कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, दिव्यांगजन सुविधाएं, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड, पीएम सूर्यघर योजना, छात्रवृत्ति, उद्यमी योजना तथा प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना सहित कई योजनाओं से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं.
ऑन द स्पॉट हो रहा आवेदन और समाधान
शिविर में आवेदन, निबंधन, ई-केवाईसी एवं दस्तावेज सत्यापन की सुविधा प्रदान की जा रही है. साथ ही लोगों की शिकायतों का त्वरित समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है. स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है.
प्रशासन द्वारा पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है. विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी शिविर में मौजूद रहकर लोगों की समस्याओं का ऑन द स्पॉट समाधान कर रहे हैं.
बढ़ने लगी लाभार्थियों की भीड़
शिविर में धीरे-धीरे लाभुकों की भीड़ बढ़ने लगी है. ग्रामीण बड़ी संख्या में पहुंचकर योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर रहे हैं और आवश्यक आवेदन प्रक्रिया पूरी कर रहे हैं. जिला प्रशासन की ओर से लोगों के बैठने और पेयजल की समुचित व्यवस्था भी की गई है.
जरूरी दस्तावेज साथ लाने की अपील
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे शिविर में पहुंचकर सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं. साथ ही आधार कार्ड, राशन कार्ड, बैंक पासबुक एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज अपने साथ लेकर आने को कहा गया है, ताकि आवेदन प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो.
अधिकारियों ने बताया कि शिविर के माध्यम से सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे पात्र लोगों को समय पर लाभ मिल सके.
