थाने पहुंचा पति-पत्नी का पारिवारिक विवाद, दोनों ने एक-दूसरे पर लगाए गंभीर आरोप

पति-पत्नी के बीच चल रहा पारिवारिक विवाद अब थाने पहुंच गया है. पति ने सुरक्षा की चिंता जताते हुए गंभीर आरोप लगाए, जबकि पत्नी ने ससुराल वालों पर उन्हें न रखने का इल्जाम लगाया. पुलिस दोनों पक्षों की बातें सुनकर जांच कर रही है.

परबत्ता : नगर पंचायत क्षेत्र के मोजाहिदपुर गांव निवासी पति-पत्नी के बीच चल रहा पारिवारिक विवाद शुक्रवार को परबत्ता थाना पहुंच गया. थाना परिसर में दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक गहमागहमी की स्थिति रही. पति ने पत्नी से खुद और अपने माता-पिता की सुरक्षा को लेकर चिंता जतायी, जबकि पत्नी ने ससुराल में नहीं रखने का आरोप लगाया. दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के दावों पर आपत्ति जताते हुए पुलिस के समक्ष अपनी-अपनी बात रखी.

पति ने मारपीट और धमकी का लगाया आरोप

पति रविशंकर कुमार के अनुसार, जुलाई 2017 में उनकी शादी मुंगेर जिले के बरियारपुर निवासी स्नेहा जायसवाल से हुई थी. उन्होंने बताया कि शादी के बाद से ही दोनों के बीच आपसी सामंजस्य को लेकर विवाद रहा है.

रविशंकर के अनुसार, इसी विवाद को लेकर वर्ष 2022 में उन्होंने न्यायालय में तलाक का मामला दायर किया था, जो अभी विचाराधीन है. उन्होंने पत्नी पर लगातार विवाद करने के साथ अपने और माता-पिता के साथ मारपीट तथा धमकी देने का आरोप लगाया. पति ने पुलिस से खुद और अपने माता-पिता की सुरक्षा की मांग की है.

पत्नी बोली- पति के साथ रहना चाहती हूं

वहीं, स्नेहा जायसवाल ने पति के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वह अपने पति और ससुरालवालों के साथ रहना चाहती हैं. उनके अनुसार, रक्षाबंधन के मौके पर वह मायके गयी थीं और वहां से पति से उन्हें वापस ले जाने का आग्रह करती रही थीं.

स्नेहा का आरोप है कि शुक्रवार को जब वह अपने ससुराल मोजाहिदपुर पहुंचीं, तो घर में ताला लगा मिला और ससुराल पक्ष के लोग वहां मौजूद नहीं थे. इसके बाद वह पति की दुकान पर पहुंचीं, लेकिन उनके अनुसार पति वहां से भी चले गये.

तलाक के मामले से पत्नी ने किया इनकार

स्नेहा ने न्यायालय में तलाक का मामला चलने की बात से भी इनकार किया. उन्होंने कहा कि उनके दो बच्चे हैं और बच्चों को लेकर वह कब तक इधर-उधर भटकती रहेंगी.

उनका आरोप है कि ससुराल पक्ष उन्हें अपने साथ रखने को तैयार नहीं है. उन्होंने पुलिस के समक्ष अपनी स्थिति बताते हुए पति और ससुराल के साथ रहने की इच्छा जतायी.

दोनों पक्षों की बात सुन रही पुलिस

परबत्ता थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि मामला पति-पत्नी के आपसी पारिवारिक विवाद से जुड़ा है. दोनों पक्षों की बातें सुनी जा रही हैं. पुलिस संबंधित पक्षों की ओर से बताये गये तथ्यों की जांच करेगी. जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By पलटू झा

पलटू झा प्रिंट माध्यम में 11 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. परबत्ता (खगड़िया) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >