बेलदौर थाना क्षेत्र के चोढ़ली गांव निवासी अरबाज अली व बलैठा ढाढी निवासी असाफ की हुई घटना स्थल पर मौत
घटना के बाद चोढ़ली व बलैठा में शोक की लहरखगड़िया. चौथम थाना क्षेत्र के महेशखूंट-सहरसा मुख्य सड़क एनएच 107 पर बाइक सवार मामा भांजा को अनियंत्रित हाइवा ने सोनबरसा के समीप रौंद दिया. जिसके कारण बाइक सवार दोनों युवक की घटना स्थल पर मौत हो गयी. घटना गुरुवार दोपहर की बताई जा रही है. घटना की जानकारी मिलते ही लोगों की भीड़ जमा हो गयी. एनएच 107 पर जाम स्थिति उत्पन्न हो गयी. घटना की सूचना मिलते ही चौथम पुलिस घटना स्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया. घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दिया. इस दौरान एनएच 107 पर लगी वाहनों की लंबी कतार को हटाया गया. सड़क पर आवागमन तेज रफ्तार से शुरु हो गया. बताया जाता है कि बेलदौर थाना क्षेत्र के चोढ़ली गांव निवासी मो. दिलावर के 22 वर्षीय पुत्र मो. अरवाज ने बलैठा पंचायत के ढ़ाढ़ी वार्ड संख्या 16 निवासी मामा मो. जुमशेद के पुत्र मो. असाफ के साथ बाइक से महेशखूंट की ओर जा रहा था. इसी दौरान सोनवर्षा घाट के समीप अनियंत्रित हाइवा ने रौंद दिया. जिसके कारण मामा व भांजा की घटना स्थल पर मौत हो गयी. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है. जबकि गांव में शोक की लहर दौड़ गई है. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है. स्थानीय लोगों ने एनएच-107 पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए वाहनों की गति पर नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है.
