Haryana Factory Blast : पलटू झा की रिपोर्ट, खगड़िया. परबत्ता प्रखंड के बैसा गांव में उस वक्त मातम छा गया जब हरियाणा के झज्जर जिले से फैक्ट्री हादसे में एक युवक की मौत की खबर पहुंची. मृतक की पहचान बैसा गांव निवासी शैलेश कुमार के रूप में हुई है, जो हरियाणा के बहादुरगढ़ औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक फैक्ट्री में काम करता था. हादसे के बाद गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है.
बॉयलर फटते ही फैक्ट्री में मचा हड़कंप
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को झज्जर जिले के बहादुरगढ़ औद्योगिक क्षेत्र में स्थित क्लासिक कोल प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री में अचानक बॉयलर फट गया. धमाका इतना तेज था कि दो मंजिला फैक्ट्री की इमारत हिल गई और कुछ ही देर में भीषण आग लग गई. देखते ही देखते फैक्ट्री का लेंटर भरभराकर गिर पड़ा.
बताया जा रहा है कि हादसे के समय फैक्ट्री में कैमिकल और ग्लू बनाने का काम चल रहा था. धमाके के बाद कई मजदूर मलबे के नीचे दब गए. घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
राहत-बचाव में जुटीं छह दमकल गाड़ियां
सूचना मिलते ही फायर विभाग की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के साथ राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया. घंटों चले ऑपरेशन के दौरान कई मजदूरों को बाहर निकाला गया. इसी दौरान मलबे में दबे शैलेश कुमार की मौत हो गई.
स्थानीय प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जानकारी में बॉयलर ब्लास्ट को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है.
गांव में पसरा मातमी सन्नाटा
मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. बताया जाता है कि वह अपनी पत्नी अमृता कुमारी और छोटी बच्ची के साथ हरियाणा में रहकर मजदूरी करता था. परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी.
गांव में लोग पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं. मुखिया प्रतिनिधि शिव यादव समेत कई ग्रामीणों ने गहरा दुख जताते हुए परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिया है.
