Khagaria School Accident: चौथम (खगड़िया). थाना क्षेत्र के मध्य विद्यालय नवादा में मंगलवार की दोपहर उस समय अफरातफरी मच गई, जब आठवीं कक्षा की छात्रा शिवानी कुमारी स्कूल की छत से नीचे गिर गई. हादसे में छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई. विद्यालय के शिक्षकों ने तत्काल उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौथम पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल खगड़िया रेफर कर दिया.
छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हुई छात्रा
घायल छात्रा की पहचान नवादा गांव निवासी राकेश कुमार की पुत्री शिवानी कुमारी के रूप में हुई है. बताया गया कि मंगलवार को छात्रा स्कूल की छत पर गई थी. इसी दौरान वह अचानक नीचे गिर गई. हादसे के बाद विद्यालय परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया.
शिक्षकों ने पहुंचाया अस्पताल
घटना के तुरंत बाद विद्यालय के शिक्षक निरंजन कुमार, जयंत कुमार एवं शिक्षिका कुमारी नेहा ने घायल छात्रा को इलाज के लिए चौथम सीएचसी पहुंचाया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद छात्रा की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे सदर अस्पताल खगड़िया रेफर कर दिया.
छत पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठे सवाल
घटना के बाद विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं. बताया जा रहा है कि स्कूल की छत पर सुरक्षा के लिए रेलिंग नहीं लगी है और न ही छत को सुरक्षित तरीके से घेरा गया है. ऐसी स्थिति में विद्यार्थियों के छत पर पहुंचने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है.
अस्पताल पहुंचे प्रभारी बीईओ
घटना की सूचना मिलने के बाद प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार श्रीवास्तव अस्पताल पहुंचे और घायल छात्रा का हालचाल जाना. उन्होंने घटना को गंभीरता से लेते हुए विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जानकारी ली.
पहले भी दी गई थी सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की हिदायत
प्रभारी बीईओ मनोज कुमार श्रीवास्तव ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक की कार्यशैली पर नाराजगी जताई. उन्होंने बताया कि पूर्व में बीडीओ के साथ विद्यालय के निरीक्षण के दौरान भी प्रधानाध्यापक को छत की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हिदायत दी गई थी. इसके बावजूद सुरक्षा व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं किया गया.उन्होंने कहा कि छात्रा के साथ हुई घटना को गंभीरता से लिया गया है. प्रधानाध्यापक की कथित लापरवाही को लेकर वरीय अधिकारियों को रिपोर्ट भेजी जाएगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों की सुरक्षा में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी.
प्रशिक्षण में गए हैं प्रधानाध्यापक
Khagaria School Accident: बताया गया कि विद्यालय के प्रधानाध्यापक विनोद कुमार सिंह इन दिनों प्रशिक्षण के लिए खगड़िया गए हुए हैं. फिलहाल विद्यालय का प्रभार शिक्षिका कुमारी अंजना के पास है.
