खगड़िया: पटना में नीट की छात्रा के साथ हुई हत्या की घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है. इस अमानवीय अपराध के खिलाफ सड़क से लेकर संसद तक संघर्षरत पूर्णिया के निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव की गिरफ्तारी ने गंभीर सवाल खड़ा कर दिया है. उक्त बातें युवा शक्ति के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नागेंद्र सिंह त्यागी ने कही. रविवार को शहर के राजेंद्र चौक पर मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया गया. सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी के विरोध में युवा शक्ति के नेताओं सहित सामाजिक व राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया. जेएनकेटी इंटर विद्यालय के मैदान में सैकड़ों की संख्या में युवा, छात्र, सामाजिक कार्यकर्ता और आम नागरिक एकत्रित हुये. सभा में मौजूद लोगों ने एक स्वर में सरकार की दमनकारी नीति के खिलाफ आवाज बुलंद की. पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग दोहरायी. सभा के उपरांत युवा शक्ति के नेतृत्व में एक विशाल जुलूस निकाला गया. जुलूस जेएनकेटी इंटर विद्यालय के मैदान से शुरु होकर एमजी मार्ग होते हुए राजेंद्र चौक पहुंचा. इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने नीट छात्रा को न्याय दो, पप्पू यादव को रिहा करो, लोकतंत्र का अपमान नहीं सहेगा. बिहार के गगनभेदी नारे लगाये. राजेंद्र चौक पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों ने बिहार के मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया. सभा को संबोधित करते हुए रामपुर पंचायत के मुखिया कृष्णानंद यादव ने कहा कि एक लोकसभा सदस्य को जिस प्रकार आधी रात में पुलिस बल के जरिए एक छोटे से मामले में गिरफ्तार किया गया. वह संसदीय मर्यादा और जनादेश का सीधा अपमान है. मौके पर युवा शक्ति के प्रदेश उपाध्यक्ष आशुतोष यादव, युवा शक्ति के जिलाध्यक्ष राजेश कुमार यादव, कार्यकारी जिलाध्यक्ष मिथुन कुमार शर्मा, कांग्रेस के प्रखंड अध्यक्ष मनोज चौधरी, बुद्धन यादव, नीरज यादव, मनीष सम्राट, रूपेश यादव, अमरेश कुमार, जवाहर यादव, कवि रंजन यादव, रमेश चौधरी, सुरेश यादव, चंद्रशेखर तांती, दिनकर विद्यार्थी, कामदेव सिंह, इंद्रदेव दास, पवन दास, पंकज दास, ब्रजेश शर्मा आदि ने संबोधित करते हुए अविलंब सांसद पप्पू यादव को रिहा करने की मांग की.
पप्पू यादव की गिरफ्तारी के विरोध में सीएम का पुतला फूंका
राजेंद्र चौक पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों ने बिहार के मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया
