युवाओं को नशे की लत से बचाने के लिए ड्रग्स तस्करों पर हो प्रभावी कार्रवाई: सांसद

समाहरणालय सभागार में हुई दिशा की बैठक

-समाहरणालय सभागार में हुई दिशा की बैठक खगड़िया. गुरुवार को सांसद राजेश वर्मा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय दिशा की बैठक समाहरणालय सभागार में हुई. बैठक में जिलाधिकारी नवीन कुमार, पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार, जिला परिषद अध्यक्ष कृष्णा कुमारी यादव, विधायक बबलू मंडल, बेलदौर विधायक पन्ना लाल पटेल, अलौली विधायक रामचंद्र सदा व परबत्ता विधायक बाबू लाल शौर्य सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी ने भाग लिया. बैठक की शुरुआत उप विकास आयुक्त श्वेता भारती द्वारा पिछली बैठक की अनुपालन प्रगति की जानकारी प्रस्तुत करने के साथ हुई. बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, पथ निर्माण विभाग, पुल निर्माण विभाग सहित विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गयी. जिले की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया गया कि खेल विभाग के अंतर्गत 57 पंचायतों में खेल मैदान का निर्माण पूर्ण कर लिया गया है. जबकि 39 पंचायतों में खेल संबंधी कार्य प्रारंभ किया गया. जिन्हें मार्च तक पूर्ण कर लिया जाएगा. शेष 08 पंचायतों में भूमि चिह्नित करने की प्रक्रिया की जा रही है. नगर कार्यपालक पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि नगर क्षेत्र में कुल 500-600 शौचालयों का निर्माण कराया गया है. साथ ही टाउन हॉल के पुनर्निर्माण कार्य की प्रगति पर है. सदर विधायक द्वारा दान नगर स्थित पार्क को नगर अंतर्गत पार्क योजना में शामिल करने का प्रस्ताव रखा गया. परबत्ता विधायक द्वारा गांधी चौक के निकट दलित एवं महादलित समुदाय की समस्याओं की ओर ध्यान आकृष्ट कराया गया. जिस पर नगर कार्यपालक पदाधिकारी गोगरी द्वारा बताया गया कि वहां सामुदायिक भवन का जीर्णोद्धार कराया जा रहा है. जिलाधिकारी नवीन कुमार द्वारा एनएचएआई के परियोजना निदेशक को डुमरी पुल की सड़क मरम्मति का सख्त निर्देश दिया गया. अलौली विधायक द्वारा भूमिहीन व्यक्तियों के लिए पर्चा वितरण के लिए योग्य श्रेणी के व्यक्तियों को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की गयी. दिशा के अध्यक्ष सांसद राजेश वर्मा द्वारा सूखा नशा (ड्रग्स) पर प्रभावी रोक लगाने का निर्देश दिया गया. पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि पुलिस पूरी तत्परता से कार्य कर रही है. पूर्व में हाटे बाजारे एक्सप्रेस से मानसी एवं मालदा से जुड़े दो युवकों को ड्रग्स सप्लाई के मामले में गिरफ्तार किया गया है. इसके अतिरिक्त सड़क सुरक्षा से संबंधित बैठक में जिला परिवहन पदाधिकारी द्वारा जागरूकता अभियानों की जानकारी दी गयी. पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सड़क दुर्घटना मुआवजा निपटान में खगड़िया जिला पूरे बिहार में शीर्ष स्थान पर है. जहां 85 प्रतिशत मामलों का निष्पादन किया जा चुका है. नगर परिषद की सभापति अर्चना कुमारी ने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र में स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, अतिक्रमण, भेंडिंग जोन, आरटीपीएस सेवा एवं थाना स्तर पर जनप्रतिनिधियों के साथ व्यवहार से जुड़ी समस्याएं लंबे समय से बनी हुई है. लेकिन अपेक्षित समाधान नहीं हो पा रहा है. जिससे आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. मानसी नगर पंचायत के सभापति प्रभा देवी ने कहा कि एनएच 31 पर सड़क किनारे एक भी स्टैंड नहीं है. सरकारी जमीन पर ड्रेनेज सिस्टम द्वारा पूरे मदराधार में बड़ा नाला या फिर नहर बनाने की आवश्यकता है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJKISHORE SINGH

RAJKISHORE SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >