मानसी में बाढ़ राहत के लिए सामुदायिक रसोई में जुटे लोगों का सम्मान, बीडीओ-सीओ ने जताया आभार

मानसी प्रखंड में बाढ़ के दौरान सामुदायिक रसोई के सफल संचालन में सहयोग करने वाले लोगों को प्रशासन ने सम्मानित किया. बीडीओ और सीओ ने सभी सेवादारों के प्रति आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे सहयोग की अपील की.

मानसी प्रखंड की पूर्वी ठाठा पंचायत और नगर पंचायत मानसी में बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए चलायी जा रही सामुदायिक रसोई के सफल संचालन में सहयोग करने वाले लोगों को प्रशासन ने सम्मानित किया. प्रखंड विकास पदाधिकारी राजीव कुमार और अंचल अधिकारी लीलावती कुमारी ने सामुदायिक रसोई से जुड़े सभी लोगों के प्रति आभार जताया.

बाढ़ के समय स्थानीय लोगों ने बढ़ाया प्रशासन का हाथ

बीडीओ और सीओ ने कहा कि बाढ़ जैसी आपदा के समय सिर्फ प्रशासन के भरोसे राहत का काम पूरा करना आसान नहीं होता. ऐसे समय में स्थानीय जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और आम लोगों का सहयोग काफी जरूरी हो जाता है. सभी के आपसी तालमेल से बाढ़ प्रभावित परिवारों तक भोजन और दूसरी जरूरी सुविधाएं पहुंचाने में मदद मिलती है.

रसोई से जुड़े सभी लोगों की भूमिका की सराहना

दोनों पदाधिकारियों ने सामुदायिक रसोई के संचालन में लगे जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, प्रतिनियुक्त शिक्षक-शिक्षिकाओं, रसोईया दीदियों, सफाई कर्मियों और वार्ड सदस्यों के काम की सराहना की. मुखिया प्रतिनिधि सुजीत कुमार, 20 सूत्री सदस्य और स्थानीय सहयोगी परिवारों के योगदान को भी महत्वपूर्ण बताया गया.

अमीन और राजस्व कर्मियों को भी मिला धन्यवाद

बीडीओ और सीओ ने अंचल अमीन, राजस्व कर्मियों और सभी नोडल पदाधिकारियों की भी प्रशंसा की. उन्होंने कहा कि इन कर्मियों ने बेहतर प्रबंधन और जिम्मेदारी के साथ सामुदायिक रसोई के संचालन में अपनी भूमिका निभायी. बाढ़ प्रभावित परिवारों को समय पर भोजन उपलब्ध कराने में इनका सहयोग काफी अहम रहा.

सफाई कर्मियों और रसोईया दीदियों को अंगवस्त्र देकर किया सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान 20 सूत्री सदस्य राजा राम सिंह ने सफाई कर्मियों और रसोईया दीदियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया. उन्होंने उनके काम की सराहना करते हुए कहा कि आपदा के समय इन लोगों ने जिस जिम्मेदारी के साथ काम किया, वह सराहनीय है.

आगे भी सहयोग की अपील

कार्यक्रम में 20 सूत्री सदस्य राजू, निशांत समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे. प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि बाढ़ जैसी स्थिति में लोगों की मदद के लिए इसी तरह आपसी सहयोग और समन्वय बनाए रखना जरूरी है. सामुदायिक भागीदारी से राहत कार्य को और बेहतर तरीके से चलाया जा सकता है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राजकिशोर सिंह

राजकिशोर सिंह प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. अभी प्रभात खबर के खगड़िया कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति, राजनीति की खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >