हेप्पी न्यू इयर: पार्क व पिकनिक स्पॉट पर मनेगा नये वर्ष का जश्न
एसपी ने कहा, हुड़दंग, तेज रफ्तार वाहन, शराबी व असामाजिक लोगों पर पुलिस की रहेगी पैनी नजरखगड़िया. नये साल ने दस्तक दे दी है और इसी के साथ न्यू इयर के जश्न की भी तैयारी शुरू हो गयी है. युवा 12 बजते ही सोशल मीडिया फेसबुक, व्हाट्सप, इंस्ट्राग्राम सहित अन्य सोशल साइट से एक-दूसरे को नववर्ष की बधाई में लग गए. इसके साथ सुबह से ही नववर्ष को यादगार व खुशहाल मनाने में जुट जायेंगे. नववर्ष को यादगार मनाने के लिए पिकनिक स्पॉट की तलाश में जुट लग जायेंगे. पिकनिक स्पॉट की तलाश में युवा युवती टोली बनाकर सुरक्षित व स्वच्छ की खोज में निकल जायेंगे. इसके लिए शहर के चित्रगुप्त नगर स्थित चिल्ड्रेन पार्क, गांधी पार्क बलुआही, अघोरी पार्क बलुआही, बुढ़ी गंडक के तट, संसारपुर मैदान, सोनमनकी घाट सहित परबत्ता प्रखंड के अगुवानी गंगा घाट पर पिकनिक मनाने के लिए युवाओं की भीड़ उमड़ने की उम्मीद है. पिकनिक के लिए युवाओं की पहली पसंद चिल्ड्रेन पार्क है. वन विभाग की देख-रेख में संचालित चिल्ड्रेन पार्क को पेड़-पौधों से इस कदर सजाया-संवारा गया है कि यहां अंदर जाते ही प्रकृति के करीब होने का एहसास होता है. यही वजह है कि यहां न केवल युवा बल्कि शहर के हर वर्ग के लोग परिवार के साथ न्यू इयर का जश्न मनाने के लिए पहुंचते है. वन संपदा से भरे इस उद्यान में खूबसूरती है. तो क्रीड़ा और व्यायाम के भी साधन-संसाधन है, जिससे पिकनिक प्रेमियों के लिए यह पसंदीदा जगह है.
शहर का प्रमुख पिकनिक स्पॉट है चिलड्रेन पार्क
चिल्ड्रेन पार्क शहर का प्रमुख पिकनिक स्पॉट है. शहर के बीचबीच चित्रगुप्त नगर थाना के समीप सज धज कर तैयार है. यहां की हरियाली के बीच पिकनिक का अंदाज निराला होगा. शहरवासी इसको ज्यादा पसंद करते है, न तो दूर जाने का झंझट और न ही पहुंचने के लिए किराए पर गाड़ी लेने की जरूरत है. घर से टहलते हुए लोग यहां पहुंच जाते हैं. इसके अलावे शहर के बलुआही स्थित गांधी पार्क है. जो बहुत ही पुराना है. यह भी शहर के बीचो बीच अवस्थित है. पार्क में हरा-भरा पौधा, बच्चों को खेलने के लिए क्रीड़ा व व्यायाम के लिए सामग्री लगा हुआ है. पार्क तक पहुंचने में भी शहर के लोगों को परेशानी नहीं होती है. बस स्टैंड, रेलवे स्टैंड के नजदीक है. शहर के लोग पैदल ही पार्क तक पहुंच सकते हैं.
पिकनिक मनाने वालों के लिए आकर्षण का केंद्र अगुवानी गंगा तट
पिकनिक स्पॉटों में एक नदी किनारे भी है. शहर के बुढ़ी गंडक, सोनमनकी घाट व अगुवानी गंगा तट भी है. जहां एक तरफ नदी की खूबसूरती है, तो दूसरी तरफ प्रकृति सौन्द्रीकरण है. पिकनिक प्रेमियों के लिए यह पसंदीदा जगह बन जाती है. बुधवार को अगुवानी गंगा घाट पर युवाओं ने धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया. परबत्ता प्रखंड के दक्षिणी छोर स्थित उत्तर वाहिनी अगुवानी गंगा घाट को धार्मिक पर्यटन स्थल व पिकनिक स्पॉट के रूप में विकसित किए जाने के उद्देश्य से स्थानीय युवाओं ने एकजुट होकर जागरूकता अभियान की शुरुआत की. इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सरकार के साथ-साथ आम जनता का ध्यान अगुवानी गंगा घाट की ऐतिहासिक, धार्मिक व प्राकृतिक महत्ता की ओर आकर्षित करना है. इसी क्रम में परबत्ता प्रखंड के विभिन्न गांवों से आए युवाओं ने अगुवानी गंगा घाट पर एक धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया. कार्यक्रम की शुरुआत पंडित कृष्णकांत झा के नेतृत्व में विधिवत गणेश पूजन से हुयी. इसके पश्चात गंगा पूजन, गंगा आरती का आयोजन किया गया. जिसमें 101 दीप प्रज्ज्वलित कर मां गंगा की आराधना की. दीपों की रोशनी से पूरा घाट भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया. पुनः सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया.
अगुवानी गंगा घाट का है धार्मिक महत्व, श्रद्धालुओं के लिए बन सकता है तीर्थ स्थल
स्थानीय डॉ. अविनाश, कृष्णकांत झा,रजनीश कुमार,अजीत कुमार, रामनाथ , निरंजन,मनीष कुमार,अमित कुमार,सतीश मिश्रा,श्रवण राय, शानू आनंद,सुमित झा,गुलशन कुमार,राम अकबाल सिंह,श्रवण आकाश, विद्युत कुमार मिश्रा,राकेश कुमार,मुकुंद कुमार, कुंदन, प्रिंस,संदीप, पीके झा, मुन्ना भगत, रविशंकर , केशव ,नागमणि आदि लोगों ने कहा कि उत्तर वाहिनी गंगा होने के कारण अगुवानी गंगा घाट का धार्मिक महत्व अत्यंत विशेष है. यदि इस घाट का समुचित विकास किया जाए तो यह न केवल श्रद्धालुओं के लिए एक प्रमुख तीर्थ स्थल बन सकता है, बल्कि पर्यटन की दृष्टि से भी क्षेत्र के लिए लाभकारी सिद्ध होगा. इससे स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे और क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी. युवाओं ने सरकार से मांग की कि घाट पर साफ-सफाई, पक्की सीढ़ियों, स्नान घाट, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय, बैठने की व्यवस्था तथा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाए. साथ ही इसे पिकनिक स्पॉट के रूप में विकसित कर यहां आने वाले पर्यटकों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाए. युवाओं ने संकल्प लिया कि वे लगातार इस मुद्दे को उठाते रहेंगे और शांतिपूर्ण व संगठित तरीके से प्रशासन व सरकार तक अपनी मांग पहुंचाएंगे, ताकि अगुवानी गंगा घाट को उसकी पहचान और सम्मान मिल सकें.
नववर्ष को लेकर थाने को किया गया अलर्ट, कानून तोड़ने वालों के विरूद्ध होगी कार्रवाई
एसपी राकेश कुमार ने कहा कि नववर्ष 2026 के आगमन को लेकर जिले में उत्साह और उल्लास का माहौल है, वहीं शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है. एसपी ने कहा कि जिले के पिकनिक स्पॉट अगुवानी गंगा तट, बुढ़ी गंडक, कात्यायनी मंदिर, होटल, सड़कों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस तैनात रहेंगे. हुड़दंगी, तेज रफ्तार वाहन चलाने वाले, शराबी और असामाजिक गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी. एसपी ने कहा कि नववर्ष का जश्न मनाने की पूरी छूट है, लेकिन कानून तोड़ने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जायेगा. उन्होंने कहा कि नए साल के जोश में सड़क पर तेज रफ्तार बाइकिंग, स्टंटबाजी और ट्रिपल लोडिंग जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए यातायात पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलायेगी. कहा कि हुड़दंग व छेड़खानी करने वालों के विरूद्ध कार्रवाई की जायेगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
