खगड़िया. कृषि क्षेत्र में किसानों को डिजिटल पहचान प्रदान करने व उन्हें फसल ऋण, फसल बीमा मुआवजा, आपदा राहत तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं का लाभ सुगमता से उपलब्ध कराने के लिए केंद्र व राज्य सरकार द्वारा विशेष अभियान चलायी जा रही है. एग्री स्टैक परियोजना के अंतर्गत फार्मर रजिस्ट्री के माध्यम से किसानों की फार्मर आईडी तैयार किया जा रहा है. इसका मुख्य उद्देश्य कृषि तंत्र में विद्यमान चुनौतियों के समाधान के लिए एक सशक्त डिजिटल सार्वजनिक ढांचा विकसित करना है. जिले के कुल 306 राजस्व ग्रामों में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के 1,11,349 लाभुकों के साथ-साथ ऐसे किसानों का भी फार्मर रजिस्ट्रेशन किया जायेगा, जिनके पास स्वयं की कृषि योग्य भूमि उपलब्ध है. जिले में फार्मर रजिस्ट्री तैयार करने के लिए विशेष अभियान दो चरणों में कैंप के माध्यम से संचालित किया जायेगा. प्रथम चरण 06 जनवरी से 09 जनवरी तक तथा द्वितीय चरण 18 से 21 जनवरी 2026 तक आयोजित किया जायेगा. कैंप का आयोजन संबंधित पंचायतों में पंचायत कृषि कार्यालय / पंचायत भवन / पंचायत सरकार भवन में किया जाएगा. इस कार्य के लिए राजस्व ग्रामवार, प्रखंडवार व अनुमंडलवार चयनित कर्मियों व पदाधिकारियों को प्राधिकृत किया गया है. फार्मर आईडी बनवाने के लिए किसानों को अपनी भूमि से संबंधित कागजात, आधार कार्ड व मोबाइल नंबर के साथ निर्धारित कैंप में स्वयं उपस्थित होकर ई-केवाईसी करानी होगी तथा अपनी भूमि का दावा दर्ज कराना आवश्यक होगा. किसान अपने क्षेत्र के कृषि समन्वयक, सहायक तकनीकी प्रबंधक अथवा किसान सलाहकार से भी संपर्क कर सकते हैं.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
