बेलदौर. थाना क्षेत्र के पनसलवा बेलदौर पीडब्ल्यूडी पथ के सिकंदरपुर पुलिया समीप हुई सड़क हादसे में बाइक सवार मां की मौत हो गयी, जबकि पुत्र पोती के गंभीर रूप हो गये. घटना रविवार की देर शाम की है. घटना के बाद आनन- फानन में आसपास के लोगों ने घायलावस्था में मृतका के पुत्र व नातीन को इलाज के लिए बेलदौर सीएचसी में भर्ती करवाया, जहां सीएचसी में दोनों इलाजरत हैं. मृतक महिला की पहचान कुंवर सिंह के करीब 65 वर्षीय पत्नी रुणा देवी व घायल पांडव कुमार सिकंदरपुर गांव के रूप में हुई है, जबकि नतीनी बन्नी गांव निवासी दिलीप सिंह की करीब पांच वर्षीय पुत्री निधि कुमारी है. घटना के संबंध में ग्रामीणों ने बताया कि सिकंदरपुर गांव की मृतक महिला रूणा देवी व नतीनी निधी कुमारी अपने पुत्र पांडव कुमार के साथ बाइक से एक समारोह में भाग लेने सहरसा जिले के काश नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बन्नी गांव जा रहे थे. इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार आटो ओवरटेक करने के दौरान बाइक में जोरदार ठोकर मार दिया जिससे बाइक पर बैठी वृद्धा रुणा देवी की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी. जबकि बाइक चालक मृतक महिला के पुत्र पांडव कुमार एवं नतीनी निधि कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गये, जिसे इलाज के लिए बेलदौर सीएचसी में भर्ती करवाया. सीएचसी में दोनों घायल इलाजरत हैं. महिला की मौत होने के बाद परिजनों के चीत्कार से गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया है. इस संबंध में थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक वृद्ध महिला की मौत हो गई. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज मामले की छानबीन की जा रही है.
सड़क हादसे में बाइक सवार मां की मौत, बेटा व नतीनी घायल
सीएचसी में दोनों घायल इलाजरत हैं
