Khagaria News: खगड़िया. बेलदौर प्रखंड के बोबिल पंचायत अंतर्गत फुलवड़िया गांव के लिए मंगलवार का दिन गर्व और उत्साह लेकर आया. गांव के निवासी मुकुंद कुमार उर्फ बंटी का चयन पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय, पटना में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर होने की खबर मिलते ही पूरे इलाके में खुशी का माहौल बन गया. परिजनों, ग्रामीणों, शिक्षाविदों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
मुकुंद कुमार फुलेश्वर सिंह के पुत्र हैं और दैनिक अखबार के पत्रकार अजय कुमार सिंह के भतीजे हैं. उनके चयन को गांव और बेलदौर प्रखंड की शिक्षा यात्रा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है.
मेहनत और लगन से हासिल की बड़ी सफलता
स्थानीय लोगों का कहना है कि मुकुंद कुमार ने लंबे समय तक कठिन परिश्रम, निरंतर अध्ययन और आत्मविश्वास के बल पर यह सफलता प्राप्त की है.
ग्रामीणों के अनुसार सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ते हुए यह मुकाम हासिल किया, जो क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायी उदाहरण है.
पूरे फुलवड़िया गांव में जश्न जैसा माहौल
चयन की सूचना मिलते ही फुलवड़िया गांव में बधाई देने वालों का तांता लग गया. परिजन और शुभचिंतक एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी साझा करते नजर आए.
गांव के बुजुर्गों ने इसे पूरे इलाके के लिए सम्मान की बात बताया और कहा कि इस सफलता से ग्रामीण परिवेश के विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ेगा.
समाजसेवी ऋषव कुमार ने क्या कहा
समाजसेवी ऋषव कुमार ने मुकुंद कुमार को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उपलब्धि केवल उनके परिवार की नहीं, बल्कि पूरे फुलवड़िया गांव और बेलदौर प्रखंड के लिए गर्व का विषय है.
उन्होंने कहा कि मुकुंद ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के बल पर यह सफलता हासिल की है और आने वाले समय में वे शिक्षा जगत में अपने समर्पण और कार्यशैली से जिले का नाम और ऊंचा करेंगे.
युवाओं के लिए प्रेरणा बनी उपलब्धि
स्थानीय लोगों का मानना है कि मुकुंद कुमार की सफलता से ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को यह संदेश मिलेगा कि निरंतर मेहनत और सही दिशा में प्रयास करने से उच्च शिक्षा के क्षेत्र में भी बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं.
ग्रामीणों ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में ऐसी सफलताएं समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का काम करती हैं.
Khagaria News: बड़ी संख्या में लोगों ने दी बधाई
मुकुंद कुमार की इस उपलब्धि पर बोबिल ग्राम कचहरी के पूर्व सरपंच राजकुमार मिश्र, विन्देश्वरी साह, समिति प्रतिनिधि मनोज रजक, पूर्व पंचायत समिति सदस्य जुगेश कुमार, बालेश्वर प्रसाद, कामेश्वर सिंह, फुलेश्वर सिंह, अजय सिंह, संतोष सिंह, अकलेश्वर साह, मधुरी शर्मा, अजय शर्मा, रंजीत कुमार, धीरज सिंह और मोहन यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने बधाई दी.
सभी ने उनके सफल शैक्षणिक जीवन और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी.
Also Read: प्रशांत किशोर की जीत के पीछे 3 रणनीतिकार कौन? जिनकी मदद से नितिन नवीन के किले को ढहाया
