Khagaria Liquor Case: बेलदौर (खगड़िया). अवैध शराब कारोबार से जुड़े फरार आरोपितों के खिलाफ बेलदौर पुलिस ने शुक्रवार को न्यायालय के आदेश पर इश्तेहार चस्पा करने की कार्रवाई की. एसआई मोहम्मद आलमगीर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ढोल-नगाड़े के साथ दोनों आरोपितों के घर पहुंचकर न्यायालय के आदेश की उद्घोषणा की और निर्धारित समय सीमा के भीतर आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया.
बेलदौर नगर पंचायत में पहली कार्रवाई
पुलिस ने सबसे पहले बेलदौर नगर पंचायत निवासी कैलू शर्मा के पुत्र सत्यम कुमार के घर पहुंचकर इश्तेहार चस्पा किया. सत्यम कुमार बेलदौर थाना कांड संख्या 170/25 में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत नामजद फरार आरोपित है. पुलिस ने न्यायालय के आदेश की जानकारी परिजनों को भी दी.
तिलाठी गांव में भी पहुंची पुलिस टीम
इसके बाद पुलिस टीम सकरोहर पंचायत के तिलाठी गांव पहुंची, जहां श्यामसुंदर मिस्त्री के पुत्र जितेंद्र कुमार के घर पर भी इश्तेहार चस्पा किया गया. जितेंद्र कुमार बेलदौर थाना कांड संख्या 167/24 में नामजद फरार आरोपित है. पुलिस ने उसके दोनों आवासों पर न्यायालय का आदेश चस्पा कर विधिसम्मत कार्रवाई पूरी की.
पांच दिन में हाजिर नहीं हुए तो होगी कुर्की-जब्ती
एसआई मोहम्मद आलमगीर ने आरोपितों के परिजनों को निर्देश दिया कि दोनों फरार आरोपितों को पांच दिनों के भीतर थाना अथवा न्यायालय में उपस्थित कराएं. उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर आत्मसमर्पण नहीं करने पर न्यायालय के आदेशानुसार कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जायेगी.
फरार आरोपितों पर पुलिस की कार्रवाई जारी
Khagaria Liquor Case: बेलदौर पुलिस ने कहा कि मद्य निषेध कानून के मामलों में फरार चल रहे आरोपितों के विरुद्ध लगातार कानूनी कार्रवाई की जा रही है. न्यायालय के आदेशों का अनुपालन सुनिश्चित करते हुए ऐसे सभी आरोपितों को गिरफ्तार करने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा.
