बेलदौर में कुछ घंटों के भीतर तीन हादसे, वज्रपात और करंट से किसान व तीन दुधारू भैंसों की मौत

बेलदौर थाना क्षेत्र में कुछ ही घंटों के भीतर तीन दर्दनाक घटनाएं हुईं। वज्रपात और बिजली के करंट से एक किसान की मौत हो गई, जबकि तीन दुधारू भैंसें भी मारी गईं. इस आपदा से तीन परिवार गहरे सदमे में हैं और प्रशासन से मुआवजे की मांग कर रहे हैं.

Khagaria News: खगड़िया के बेलदौर थाना क्षेत्र में सोमवार देर शाम से मंगलवार सुबह तक हुई तीन अलग-अलग घटनाओं में एक किसान और तीन दुधारू भैंसों की मौत हो गई. वज्रपात और बिजली के करंट से हुई इन घटनाओं ने तीन परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है. पुलिस ने किसान के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

सबसे दर्दनाक घटना तेलीहार पंचायत के इकसठ बासा बहियार में हुई, जहां खेत जाने के दौरान 50 वर्षीय किसान नंदलाल सिंह की करंट लगने से मौत हो गई.

मुरली गांव में वज्रपात से भैंस की मौत

पहली घटना पचौत पंचायत के वार्ड संख्या-4 स्थित मुरली गांव में सोमवार देर शाम हुई. यहां पशुपालक अमित कुमार यादव की दुधारू भैंस वज्रपात की चपेट में आ गई.

स्थानीय लोगों के अनुसार तेज बारिश और बिजली गिरने के दौरान भैंस खुले स्थान पर थी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. इससे पशुपालक को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है.

चक्रमाणिया गांव में हाईटेंशन लाइन से निकली चिंगारी

दूसरी घटना मंगलवार सुबह सकरोहर पंचायत के वार्ड संख्या-5 चक्रमाणिया गांव में हुई.

जानकारी के अनुसार पशुपालक कुशेश्वर सिंह अपनी दो दुधारू भैंसों को चरा रहे थे. इसी दौरान पास से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के पोल पर लगा डिस्क फ्यूज अचानक तेज आवाज के साथ फट गया.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार फ्यूज से निकली चिंगारी और करंट दोनों भैंसों तक पहुंच गया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद आसपास के ग्रामीण भी मौके पर जुट गए.

खेत जाने के दौरान किसान करंट की चपेट में आया

तीसरी और सबसे गंभीर घटना तेलीहार पंचायत के इकसठ बासा बहियार में हुई.

शिवनगर वार्ड संख्या-13 निवासी स्वर्गीय मक्खन सिंह के 50 वर्षीय पुत्र नंदलाल सिंह धान का बिचड़ा लेकर खेत की ओर जा रहे थे. रास्ते में मेड़ पर उनका संतुलन बिगड़ गया और वे पास में स्थित 11 हजार वोल्ट के बिजली पोल के अर्थिंग तार की चपेट में आ गए.

बताया जा रहा है कि अर्थिंग तार में बिजली प्रवाहित हो रही थी, जिससे वे गंभीर रूप से झुलस गए.

अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टर ने मृत घोषित किया

घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्काल नंदलाल सिंह को बेलदौर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया.

वहां प्रभारी चिकित्सक डॉ. विनोद यादव ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया.

पत्नी सुधा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.

Khagaria News: पुलिस ने शुरू की कानूनी प्रक्रिया

बेलदौर थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर अजीत कुमार ने बताया कि तीनों घटनाओं की सूचना पुलिस को मिल चुकी है.

उन्होंने कहा कि किसान के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है.

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से प्रभावित परिवारों को शीघ्र मुआवजा और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि अचानक आई इस आपदा से उन्हें कुछ राहत मिल सके.

Also Read: Prashant Kishor Won Bankipur Seat: क्या प्रशांत किशोर की जीत ने जातिवाद मॉडल का किया सफाया? PK की स्ट्रैटेजी की चर्चा तेज

Also Read: प्रशांत किशोर की जीत के पीछे 3 रणनीतिकार कौन? जिनकी मदद से नितिन नवीन के किले को ढहाया



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Amit kumar singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >