खगड़िया के सठमा गांव में रास्ते के विवाद ने लिया हिंसक रूप, दंपती से मारपीट और लूटपाट के आरोप में 10 पर केस

खगड़िया में रास्ता बंद करने के मामूली विवाद ने गंभीर मोड़ ले लिया. एक पांच वर्षीय बच्ची के स्कूल जाते समय हुई घटना के बाद दंपती से मारपीट, लूटपाट और जान से मारने की धमकी दी गई. पुलिस ने 10 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Khagaria crime new : खगड़िया. बेलदौर थाना क्षेत्र के कुर्बन पंचायत अंतर्गत सठमा गांव में रास्ता बंद करने के विवाद ने गंभीर रूप ले लिया. एक पांच वर्षीय बच्ची के स्कूल जाने के दौरान हुई घटना के बाद शुरू हुआ विवाद कथित तौर पर दंपती के साथ मारपीट, लूटपाट और जान से मारने की धमकी तक पहुंच गया. पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने 10 नामजद आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

घटना के बाद घायल दंपती का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलदौर में कराया गया. गांव में घटना को लेकर चर्चा का माहौल है और लोग पुलिस कार्रवाई पर नजर बनाए हुए हैं.

बच्ची के गिरने से शुरू हुआ विवाद

पीड़िता नूतन देवी, पत्नी रंजीत शर्मा, ने बेलदौर थाना में दिए आवेदन में बताया कि दो अगस्त की सुबह करीब नौ बजे उनकी पांच वर्षीय पुत्री वर्षा कुमारी स्कूल जा रही थी.

आरोप है कि पड़ोसी कृष्ण मोहन शर्मा ने रास्ते पर जाफरी लगाकर मार्ग बंद कर दिया था. इसी कारण बच्ची जाफरी में फंसकर गिर गई. जब नूतन देवी ने इसका कारण पूछा, तो उनके साथ कथित रूप से दुर्व्यवहार किया गया और मारपीट कर उन्हें जमीन पर पटक दिया गया.

पति बचाने पहुंचे तो उन पर भी हमला

आवेदन के अनुसार शोर सुनकर बचाव के लिए पहुंचे रंजीत शर्मा के साथ भी कई लोगों ने मारपीट की.

पीड़िता का आरोप है कि कृष्ण मोहन शर्मा के पुत्र नीतीश शर्मा, दिलखुश शर्मा, अंकुश शर्मा और लाटसाहब कुमार शर्मा ने उनके पति के साथ मारपीट की और उनके गले से सोने की चकती छीन ली.

घर में घुसकर 62 हजार रुपये निकालने का आरोप

नूतन देवी ने आरोप लगाया कि आशाटोलबासा निवासी बिजली शर्मा और उनके पुत्र सूरज कुमार घर में घुस गए और बक्सा तोड़कर उसमें रखे 62 हजार रुपये निकाल लिए.

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कृष्ण मोहन शर्मा की पत्नी मलित्मा देवी ने उनके गले से आठ आने भरी सोने का ढोलना छीन लिया.

जान से मारने की धमकी का भी आरोप

आवेदन में चालो शर्मा और महंथ शर्मा पर भी दंपती के साथ मारपीट करने और गंभीर रूप से घायल करने का आरोप लगाया गया है.

पीड़ित पक्ष का कहना है कि घटना के दौरान पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई.

अस्पताल में कराया गया इलाज

घटना के बाद परिजनों ने घायल पति-पत्नी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलदौर में भर्ती कराया, जहां दोनों का उपचार किया गया.

स्थानीय लोगों का कहना है कि रास्ते को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था, लेकिन इस बार मामला गंभीर रूप से बढ़ गया.

Khagaria crime new : पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी

बेलदौर थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि पीड़िता के आवेदन के आधार पर 10 नामजद आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है.

उन्होंने कहा कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Also Read: Prashant Kishor Won Bankipur Seat: क्या प्रशांत किशोर की जीत ने जातिवाद मॉडल का किया सफाया? PK की स्ट्रैटेजी की चर्चा तेज

Also Read: प्रशांत किशोर की जीत के पीछे 3 रणनीतिकार कौन? जिनकी मदद से नितिन नवीन के किले को ढहाया



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Amit kumar singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >