New Police Building : अलौली प्रखंड के बहादुरपुर थाना के लिए यह बड़ी सौगात है. वर्षों से भवन के अभाव में सरकारी विद्यालय से संचालित हो रहा थाना अब आधुनिक सुविधाओं से लैस अपने नए भवन में शिफ्ट होने की तैयारी में है. निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है और स्वतंत्रता दिवस से पहले भवन का औपचारिक हस्तांतरण प्रस्तावित है.
13 वर्षों बाद मिलेगा स्थायी थाना भवन
वर्ष 2013 में बहादुरपुर पिकेट की स्थापना की गई थी. लंबे समय तक पिकेट के रूप में संचालित होने के बाद क्षेत्र में बढ़ते अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक आवश्यकताओं को देखते हुए इसे थाना का दर्जा दिया गया. भवन नहीं होने के कारण अब तक थाना सरकारी विद्यालय के भवन से संचालित होता रहा.
2021 में शुरू हुआ निर्माण, अब अंतिम चरण में पहुंचा
वर्ष 2021 में तत्कालीन जिलाधिकारी डॉ. आलोक रंजन घोष के नेतृत्व में थाना भवन के लिए भूमि का चयन किया गया था. इसके बाद तत्कालीन थानाध्यक्ष अजय कुमार ने भूमि पूजन कर निर्माण कार्य की शुरुआत कराई. अब निर्माण कार्य 99 प्रतिशत पूरा हो चुका है और 15 अगस्त से पहले भवन को पुलिस विभाग के हवाले करने की तैयारी चल रही है.
मार्च 2026 से दर्ज होने लगे हैं नियमित कांड
हालांकि वर्तमान में बहादुरपुर थाना का संचालन सरकारी विद्यालय के भवन से हो रहा है, लेकिन मार्च 2026 से यहां विधिवत प्राथमिकी (कांड) दर्ज की जाने लगी है. नए भवन के शुरू होने के बाद थाना का पूरा संचालन आधुनिक परिसर से किया जाएगा.
चार मंजिला भवन में होंगी आधुनिक सुविधाएं
सोनिहार गांव स्थित मिश्री सदा कॉलेज के समीप बने चार मंजिला मॉडल थाना भवन में पुलिसकर्मियों और आम लोगों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है. भवन में कार्यालय, पूछताछ कक्ष, अभिलेख कक्ष, महिला सहायता कक्ष, बैरक सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की गई हैं. फिलहाल रंग-रोगन, परिसर समतलीकरण और अन्य फिनिशिंग का कार्य तेजी से पूरा किया जा रहा है.
हजारों लोगों को मिलेगा बेहतर पुलिस सेवा का लाभ
बहादुरपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत सिमराहा, गौड़ाचक, बहादुरपुर, छिलकौड़ी, शुम्भा तथा चांदपुरा खुर्द पंचायत आती हैं. इन क्षेत्रों की बड़ी आबादी को नए थाना भवन के शुरू होने से बेहतर पुलिस सेवाएं मिलेंगी. स्थानीय लोगों का मानना है कि आधुनिक भवन में थाना संचालित होने से कानून-व्यवस्था और पुलिस की कार्यक्षमता दोनों मजबूत होंगी.
15 अगस्त से पहले हस्तांतरण की उम्मीद
निर्माण कार्य लगभग पूरा होने के बाद अब लोगों की निगाहें स्वतंत्रता दिवस से पहले भवन के औपचारिक हस्तांतरण पर टिकी हैं. उम्मीद है कि जल्द ही बहादुरपुर थाना नए आधुनिक परिसर से अपना कामकाज शुरू करेगा, जिससे क्षेत्र की पुलिस व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी.
