36 वें स्थापना दिवस पर डीएम ने कृषि व दुग्ध व्यवसाय में अग्रणी जिला बनाने का लिया संकल्प
खगड़िया : जिला स्थापना दिवस में डीएम जय सिंह ने खगड़िया को अग्रणी जिला बनाने के लिये हर संभव कोशिश का एलान करते हुए कहा कि आने वाले दिनों में इसके लिये कई कदम उठाये जायेंगे. उन्होंने कहा कि यह जिला मक्का एवं केला तथा कृषि संबंद्ध व्यवसाय तथा मत्स्य पालन एवं दुग्ध उत्पादन में अग्रणी जिला है.
सात नदियों के प्रवाह का सकुशल प्रबंधन इस दिशा में विशिष्ट उपलब्धियां प्राप्त करने की असीम संभावना उत्पन्न करता है. जिला प्रशासन इस दिशा में सरकार द्वारा चलाये जा रहे विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत अनुपालन कर जिलेवासियों की जीवनशैली एवं आर्थिक क्षमता में उल्लेखनीय प्रगति के लिए कटिबद्ध है.
जिलाधिकारी श्री सिंह ने खगड़िया जिला स्थापना दिवस के 36वें वर्षगांठ के मौके पर कहा कि ऐतिहासिक पन्नों में फरकिया के नाम से चर्चित रहा खगड़िया जिला आज विकास की नयी ऊंचाइयों को छू रहा है. खगड़िया जिलेवासियों को जिला स्थापना दिवस की शुभकामना देते हुए जिलाधिकारी जय सिंह ने यह अपेक्षा जतायी है कि जिले के सर्वांगीण विकास में आम जनता का सहयोग निरंतर मिलता रहेगा. साथ ही डीएम ने अमन, शांति और सद्भावना के पवित्र वातावरण में न्याय के साथ विकास को जिला प्रशासन की प्राथमिकता बताया है.
