खगड़िया : दलित सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह लोजपा नेता रामचन्द्र पासवान ने बिहार सरकार द्वारा किये गये ताड़ी बंदी के खिलाफ 15 जून से पूरे बिहार में आंदोलन के शंखनाद का एलान करते हुए बिहार सरकार के इस कदम को तानाशाही फैसला बताया है. सोमवार को दलित सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रेस वार्ता के दौरान बिहार सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि केंद्र सरकार बिहार के विकास के लिए खजाना खोल दिया है.
ताकि बिहार का पिछड़ेपन दूर हो सके. उन्होंने कहा कि किसानों के केसीसी, प्रधानमंत्री सृजन योजना, मध्याह्न भोजन सर्वशिक्षा अभियान अंतर्गत योजना चलायी जा रही है. लेकिन केंद्र सरकार के सभी योजना बिहार सरकार द्वारा संचालित किया जाता है. जिसका फायदा सरकार के नुमाइंदे, अधिकारी, नेता व बिचौलिये उठा रहे हैं. धरातल पर केंद्र सरकार का कार्य कहीं अधूरा है तो कहीं शुरू भी नहीं हुआ है.
बिहार सरकार दुष्प्रचार के सहारे केंद्र सरकार को दोषी ठहरा रही है. वहीं, लोजपा के प्रदेश अध्यक्ष पशुपति कुमार पारस ने कहा कि खगड़िया कुशेश्वर स्थान तथा खगड़िया से मुंगेर रेल लाइन के लिये शेष राशि भी केंद्र सरकार द्वारा दे दी गयी है. बिहार सरकार चाहे तो वर्ष 2016 के अंदर ट्रेन का परिचालन शुरू कर दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी द्वारा आगामी 15 जून से प्रखंड स्तर से लेकर जिला स्तर तक ताड़ी बंद के विरोध में धरना प्रदर्शन किया जाएगा. इस अवसर पर भदास दक्षिणी के निवर्तमान मुखिया मनोज कुमार ने लोक जनशक्ति पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष की उपस्थिति में लोजपा की सदस्यता ग्रहण की. मौके पर जिलाध्यक्ष कपिलदेव प्रसाद यादव, अरविंद स्वर्णकार, विभूति प्रसाद यादव, मिथलेश निषाद, मो सरफराज, पवन पासवान, रणजीत कुमार पासवान सहित दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित थे.
