आत्महत्या नहीं दीपक की हुई है हत्या!

खगड़िया : होटल अमन में कमरे के पंखे से लटकती हुई बरामद युवक की लाश की गुत्थी उलझती नजर आ रही है. पूरे मामले में परिजनों ने जो बयान से दिये हैं उससे मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ गया है. इधर, पुलिस भी परिजनों के बयान का इंतजार कर रही है. जिसके आधार पर मामला […]

खगड़िया : होटल अमन में कमरे के पंखे से लटकती हुई बरामद युवक की लाश की गुत्थी उलझती नजर आ रही है. पूरे मामले में परिजनों ने जो बयान से दिये हैं उससे मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ गया है. इधर, पुलिस भी परिजनों के बयान का इंतजार कर रही है. जिसके आधार पर मामला दर्ज किया जायेगा.

मरने के बाद भी 19 मिस कॉल : मृतक के भाई रितेश कुमार ने बताया कि 24 अप्रैल को थाना में जब्त मृतक के मोबाइल पर एक ही नंबर से 19 बार मिसकॉल आया है. वह नंबर किसी और का नहीं बल्कि मृतक की प्रेमिका का है. उन्होंने बताया कि बीते 21 अप्रैल को अंतिम बार दीपक ने घर पर फोन कर बात की थी. इसके बाद से उसका मोबाइल स्वीच ऑफ बताने लगा, जबकि घटना बाद खगड़िया पहुंचने पर सदर थाना में जब्त मोबाइल खंगालने पर कॉल डिटेल में 22 अप्रैल की रात 11 बजे से लेकर एक बजे तक एक नंबर पर लंबी बातचीत हुई है.
वह नंबर भी दीपक की प्रेमिका का बताया जाता है. कहा जा रहा है कि प्रेमिका की शादी फिक्स होने के बाद से दीपक तनाव में था. वह बार बार प्रेमिका को प्यार के सारे सबूत दिखाने की बात कह कर शादी रूकवाने की धमकी दे रहा था. स्टेशन रोड के होटल अमन के कमरे के पंखे से लटकती युवक की लाश बरामदगी की गुत्थी उलझती नजर आ रही है. परिजनों ने जो कहानी सुनायी है उससे मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ गया है.
पूरे मामले में परिजनों ने हत्या की आशंका जतायी है. युवक अपनी प्रेमिका से मिलने पहले भी खगड़िया आता-जाता रहा है. अधिकांश बार खगड़िया आने पर होटल अमन में ही कमरा लेकर रूकने की भी बात कही जा रही है. इधर, पुलिस ने मृतक के बेसरा रिपोर्ट को जांच के लिए फारेंसिक लैब भेजने की तैयारी में है. साथ ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.
72 घंटा पहले की थी लाश : बीते 24 अप्रैल को होटल के कमरे में बदबू देने के बाद सदर थानाध्यक्ष को इसकी सूचना दी गयी. जिसके बाद सड़े गले अवस्था में युवक का शव बरामद किया गया.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट करने वाले एक चिकित्सक ने बताया कि संभवत: दो से तीन दिन पूर्व ही युवक की मौत हुई है. शव की स्थिति भी कुछ इसी ओर इशारा कर रही थी. ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर तीन दिनों से पंखे से लाश लटकती रही, लेकिन होटल के कर्मियों को कोई खबर कैसे नहीं लगी. होटल में कमरे की साफ-सफाई सहित दूसरी सर्विस के लिए कमरे का दरवाजा नहीं खोला गया? अगर नहीं खोला गया तो इसकी सूचना पुलिस को उसी वक्त क्यों नहीं दी गयी? ऐसे कई सवाल हैं जो मामले को संदिग्ध बना रही है. इधर, परिजनों को बयान की मानें तो पूरे मामले में होटल प्रबंधन सवालों के घेरे में है.
हालांकि होटल प्रबंधन से सभी आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि अनहोनी की भनक लगते ही पुलिस को इत्तला किया गया. मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़ कर युवक का शव बरामद किया है.
क्या है पूरा मामला
बीते 24 अप्रैल को स्टेशन रोड स्थित होटल अमन के कमरा नंबर 305 से एक युवक का शव बरामद किया गया. शव की पहचान मधुबनी जिला के किशोरी लाल चौक निवासी भोला गुप्ता के 30 वर्षीय पुत्र दीपक कुमार के रूप में हुई है. सूचना पाकर पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़ कर शव को बरामद किया. सीएस के निर्देश पर तीन सदस्यीय चिकित्सकों के बोर्ड ने शव का पोस्टमार्टम किया.
खास बातें
परिजनों ने कहा, खगड़िया की एक लड़की से दीपक का पांच साल से चल रहा था प्रेम प्रसंग
आठ अप्रैल मधुबनी से आकर खगड़िया के होटल अमन के एक कमरे में ठहरा हुआ था दीपक
24 अप्रैल को होटल के कमरे में पंखे से लटकती लाश को दरवाजा तोड़ कर पुलिस ने किया बरामद
मधुबनी से खगड़िया पहुंचे मृतक के भाई ने कहा आत्महत्या नहीं कर सकता दीपक, हत्या है यह
प्रेमिका के परिजनों व होटल संचालक की मिली भगत से दीपक की हत्या करने का लगाया आरोप
आखिर 22 अप्रैल की रात 11 बजे से एक बजे तक किस नंबर पर दीपक की हुई लंबी बातचीत
आखिरी बार 21 अप्रैल को दीपक की अपने बड़े भाई से हुई थी बातचीत
मोबाइल का चिप व कॉल रिकार्ड को गायब करने का लगाया आरोप
प्रभात फॉलोअप
मेरा भाई आत्महत्या नहीं कर सकता है. दीपक की हत्या की गयी है. खगड़िया की एक लड़की से उसका बीते पांच सालों से प्रेम प्रसंग चल रहा था, लेकिन इस बीच लड़की की शादी दूसरी जगह तय हो गयी. इस बात की चर्चा उसने किया था. इधर, आठ अप्रैल को वह खगड़िया में आया था. आखिर बाद 21 अप्रैल को घर पर दीपक की बातचीत हुई. उसके बाद से उसका मोबाइल स्वीच ऑफ बताने लगा, जबकि मोबाइल पर 24 अप्रैल को भी 19 मिसकॉल लड़की (प्रेमिका) ने किया है. पूरी घटना में होटल संचालक व लड़की के परिजनों की मिलीभगत से सुनियोजित साजिश के तहत दीपक की हत्या की गयी है.
रितेश कुमार, मृतक का भाई.
24 अप्रैल को पेमेंट के लिए जाने पर कमरा अंदर से बंद था. अंदर से बदबू आ रही थी. अनहोनी की आशंका होने पर सदर थानाध्यक्ष को इसकी सूचना दी गयी. होटल पहुंचने पर पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़ कर दीपक के शव को बरामद किया है. पूर्व में भी कई बार दीपक (मृतक) होटल में आ कर ठहरा हुआ था. परिजनों द्वारा होटल प्रबंधन पर लगाये जा रहे सारे आरोप बेबुनियाद हैं.
प्रबंधन, होटल अमन
परिजनों के बयान का इंतजार किया जा रहा है. जिसके आधार पर मामला दर्ज किया जायेगा. पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है. अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी. जल्द ही पूरे मामले का पटाक्षेप कर दिया जायेगा.
महफूज आलम, सदर थानाध्यक्ष.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >