दुखद खगड़िया व अलौली प्रखंड क्षेत्र में हुआ हादसा
जिले के तीन अलग-अलग जगहों पर हुई अगलगी की घटना में 127 घर जल गये. इससे अग्निपीड़ित परिवार खुले में रहने को मजबूर हो गये हैं. अगलगी के दौरान खगड़िया प्रखंड के बेला व तेतारबाद में 62 घर जल गये, वहीं अलौली प्रखंड के बगुलिया में 65 घर जल गये.
खगड़िया : प्रखंड क्षेत्र के तेतारबाद चन्द्रपुरा व बेला सिमरी पंचायत के खैरी गांव में रविवार को आग लगने से 62 घर जल गये. घटना स्थल पर दमकल के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के आग पर काबू पा लिया. आग ने करीब दो घंटे तक तांडव मचाया. इसमें दो दर्जन पशुओं की झुलस कर मौत हो गयी. ग्रामीण सुभाष चंद्र पासवान ने बताया कि खैरी में आग में 30 परिवारों के घर सहित लाखों की संपत्ति जल कर राख हो गयी. सूचना पाकर पहुंचे एसडीओ ने 23 परिवारों के बीच राहत वितरण किया. बाकी परिवार को सोमवार को राहत वितरण का भरोसा दिलाया गया है.
इधर तेताराबाद चन्द्रपुर के सहनी टोल में आग लगने से लगभग 32 घर जल गये. ग्रामीण अमरेश कुमार ने बताया कि अगलगी की घटना में लाखों की संपत्ति के नुकसान का अनुमान है.आधे दर्जन से अधिक पशुओं की मौत हो गयी है. उल्लेखनीय है कि पछुआ हवा के कारण अचानक उठी आग लपटों ने देखते ही देखते लगभग तीन दर्जनों घरों को जला दिया. पीड़ित परिवार खुले में आ गये. दिन में तपीश और रात में खुले में रहना उनकी पीड़ा बन गयी है. आग पर काबू पाने के लिए दमकल दस्ता को भी सूचना दी गयी थी, लेकिन दमकल दस्ता ने गाड़ी खराब होने की सूचना लोगों को दी.
