गोगरी : इस बार बड़ी संख्या में दबंग व अपराधी प्रवृति के लोग पंचायत चुनाव के जरिये राजनीति की डोर थामने की तैयारी में हैं. कुछ तो ऐसे हैं जिनकी पुलिस को तलाश है. यकीन नहीं आ रहा तो इटहरी से थोड़ा पहले-पहले बासुदेवपुर पंचायत में टंगा एक पोस्टर ही पूरी कहानी बयां करने के लिए काफी है.
इस बैनर में जुली देवी नाम की एक महिला जनता से वोट मांगते हुए और अपील करते हुए दिखाई दे रही हैं. क्षेत्र के लोग जुली देवी को नहीं जानते, लेकिन उसके पति ब्रजेश यादव को इलाके में कौन नहीं जानता. ब्रजेश यादव पुलिस रिकार्ड में फरारी है.
पंचायत चुनाव को लेकर गोगरी में नामांकन की प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है और नौवें चरण में जिला परिषद् के क्षेत्र संख्या 15 में 22 मई को चुनाव होना है. लेकिन जिले में कई मर्डर हो चुके हैं. इसके पीछे चुनावी रंजिश ही सामने आ रही है. आइजी, डीआइजी, एसपी, डीएसपी व डीएम कई बार बैठक कर थानाध्यक्ष को आदेश दे चुके हैं कि आपराधिक पृष्ठभूमि के लोगों पर नजर रखें. इसके बावजूद तमाम अपराधी पुलिस के सामने खुलेआम सड़कों पर प्रचार कर रहे हैं और चुनाव की तैयारी कर चुके हैं.
कहते हैं गोगरी डीएसपी
गोगरी डीएसपी राजन कुमार सिन्हा ने बताया कि बासुदेवपुर पंचायत से मुखिया प्रत्याशी जुली देवी पर भी आचार संहिता उल्लंघन का केस गोगरी थाना में दर्ज है और इनके पति ब्रजेश यादव पर भी तीन केस गोगरी थाना में दर्ज है. जिला प्रशासन ब्रजेश की गिरफ़्तारी के लिए टीम गठित कर चुकी है. जल्द ही पुलिस ब्रजेश को सलाखों तक पहुंचायेगी.
