डीसीएलआर ने सीओ से मांगी रिपोर्ट
खगड़िया : सदर अंचल के विभिन्न हल्कों में पदस्थापित वैसे लापरवाह हल्का कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई होगी. जिन्होंने अपने कार्यों के निष्पादन में कोताही बरती है. सूत्रों के मुताबिक डीसीएलआर ओम प्रकाश महतो ने सदर सीओ नौशाद आलम से सभी हल्का कर्मचारी के कार्य का लेखा-जोखा मांगा है, जिसके बाद इनके कार्यों की समीक्षा की जायेगी. फिर असंतोषजनक कार्य करने वालों को चिन्हित कर इनके विरुद्ध कार्रवाई शुरू की जायेगी.
लापरवाही से सरकारी योजना का बेड़ा गर्क
विभागीय सूत्र के मुताबिक वित्तिय वर्ष 15-16 में राज्य स्तर से संचालित कई महत्वपूर्ण योजना सफल नहीं हो पाई है. इन योजनाओं को सफल बनाने की महत्वपूर्ण जिम्मेवारी हल्का कर्मचारियों को ही मिली थी, लेकिन इनके द्वारा विशेष रुचि नहीं दिखाये जाने के कारण योजनाओं की उपलब्धि अच्छी नहीं रही है. जानकारी के अनुसार लगान वसूली के साथ साथ अभियान बसेरा ऑपरेशन भूमि दखल दहानी, भू-कम्यूटराइजेशन जैसे महत्पूर्ण योजनाओं की स्थिति भी कुछ ठीक नहीं है.
स्पष्टीकरण का नहीं हुआ असर
पहले तो जिला स्तर पर सीओ को इस मामले में फटकार सहित इनसे स्पष्टीकरण मांगे जाते रहे है. कुछ सीओ के तो वेतन भुगतान पर भी रोक लगायी गयी थी. ज्ञात हो कि अभियान बसेरा के तहत भूमीहीनों को जमीन मुहैया कराने में उदासीनता बरतने के आरोप में मानसी के पूर्व सीओ पर तो आरोप पत्र गठित कर इन्हें हटाने तक की अनुशंसा की गयी थी. सीओ के बाद अब नम्बर हल्का कर्मचारी की है. अनुमंडल स्तर से इन योजनाओं के प्रति लापरवाही बरतने वाले हल्का कर्मचारी को चिन्हित कर इनके विरुद्ध कार्रवाई का प्रस्ताव मांगा गया है.
कहते हैं डीसीएलआर
डीसीएलआर ओम प्रकाश महतो ने कहा कि राज्य स्तर से लेकर जिला स्तर से भी कई बार अभियान बसेरा, लगान वसूली, अभियान भूमि दखल दहानी के तहत बेदखल परचाधारियों की खोज सहित कई अन्य योजना को सफल बनाने के लिए निरंतर प्रयास करने निर्देश दिये गये. फिलहाल सीओ से सभी हल्का कर्मचारी के द्वारा किये गये कार्यों का लेखा-जोखा मांगा गया है, जिसकी समीक्षा की जायेगी. जानबूझ कर इन योजनाओं के प्रति लापरवाही बरतने के विरुद्ध आरोप पत्र गठित कर विभागीय कार्रवाई की जायेगी.
