नम आंखों से दी मां को विदाई
श्रद्धालुओं ने रविवार को मां दुर्गा की प्रतिमा को नम आंखों से विदाई दी. देवी दुर्गा के साथ-साथ गणेश, लक्ष्मी, सरस्वती व कार्तिकेय की प्रतिमा का भी विसर्जन श्रद्धालुओं द्वारा किया गया. सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ लग गयी थी.
खगड़िया : श्रद्धालुओं ने रविवार को मां दुर्गा की प्रतिमा को नम आंखों से विदाई दी. देवी दुर्गा के साथ साथ गणेश, लक्ष्मी, सरस्वती एवं कार्तिकेय की प्रतिमा का भी विसर्जन श्रद्धालुओं द्वारा किया गया. विसर्जन से पहले श्रद्धालु महिलाओं द्वारा खोयछा भरने का रस्म अदा की गई. सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ लग गयी. सबसे पहले राजेंद्र चौक स्थित वासंतिक चैती दुर्गा के प्रतिमा को विसर्जन के लिए निकाला गया.
ढाक, ढोल गाजे बाजे के साथ प्रतिमा को नगर का भ्रमण कराया गया. जगह जगह पर श्रद्धालुओं द्वारा पूजा अर्चना की गयी . सैकड़ों की संख्या में प्रतिमा के साथ घूम रहे श्रद्धालुओं को जगह जगह पर व्यवसायियों द्वारा स्वागत किया गया. कहीं नींबू पानी तो कहीं चाय शरबत व ठंडा व ठंढई की व्यवस्था की गई थी. हालांकि मौसम में नमी रहने के कारण श्रद्धालुओं को परेशानी कम हुई. शहर के थाना रोड, मेन रोड, मील रोड, एसडीओ रोड, विद्या धार, स्टेशन रोड होते हुए बुढ़ी गंडक में श्रद्धालुओं ने प्रतिमा का विसर्जन किया. पूजा कमेटी के अध्यक्ष सह अधिवक्ता कमल कुमार, प्रिंस कुमार आदि ने बताया
कि विसर्जन के बाद प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी प्रसाद का वितरण किया गया. इधर, श्री श्री 108 शेरावाली माता का भी विसर्जन रविवार की देर शाम किया गया, इससे पहले मां शेरावाली के पंडाल में सुहागन महिलाओं द्वारा मां को सिंदुर चढ़ाकर आपस में एक दूसरे को सिंदूर लगाई. उसके बाद सुहाग की रक्षा का प्रतीक स्वरूप मानकर अबीर भी उड़ाई गयी. इस दौरान श्रद्धालुओं की उत्साह व उमंग देखते ही बनता था. विसर्जन के मौके पर मां शेरावाली पूजा कमेटी के अध्यक्ष एसपी साहू, कोषाध्यक्ष पप्पू वर्मा, संजीव, सोनू, अमरजीत, हिमांशु,सौरभ,बिटटू, अवधेश आदि उपस्थित थे.
