मामला पिपरा बाजार की दुकान मंे चोरी का
बेगूसराय से एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही पुलिस
चौथम : थाना क्षेत्र के पिपरा बाजार में दो दिन पूर्व ज्वेलरी की दुकान में हुई चोरी की घटना के बाद गुरुवार को एसपी अनिल कुमार सिंह ने मौके पर पहुंच कर मामले की जांच की. एसपी ने दुकानदार व पिपरा बाजार में तैनात चौकीदार से भी पूछताछ की. दुकान मालिक रामनाथ ने घटना की जानकारी एसपी को दी.
एसपी ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरी में संलिप्त गिरोह के सरगना तक पहुंचने के लिए एसडीपीओ रामानंद सागर को चार एसआइ की विशेष टीम गठित कर मामले का उद्भेदन करने का आदेश दिया. वहीं पुलिस अधीक्षक से स्थानीय दुकानदारों व ग्रामीणों ने सुरक्षा समिति गठन करने की मांग की.
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बेगूसराय पुलिस के सहयोग से सरगना चेरिया बेरियारपुर (बेगूसराय) के महेश महतो को हिरासत में लिया गया है. एसडीपीओ ने बताया कि पिपरा में एक और दुकान में एक वर्ष पूर्व हुई चोरी के मामले में हिरासत में लिया गया महेश आरोपी रह चुका है.
गिरफ्तार चोर की पहचान के लिए जैकेट एवं सीसीटीवी फुटेज से तस्वीर का मिलान किया जा रहा है. पुलिस एक साल पूर्व हुई चोरी की घटना के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरी में संलिप्त चोरों तक पहुंचने की कवायद जुट गयी है.
