खगड़िया : मेला आपसी प्रेम व सद्भाव का प्रतीक है. उक्त बातें गुरुवार को 127 वें गोपाष्टमी मेला के अवसर पर जिला पदाधिकारी साकेत कुमार ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहीं. मेला के उद्घाटन के बाद डीएम एवं पुलिस अधीक्षक अनील कुमार सिंह ने गौ माता की पूजा अर्चना की.
इसके बाद उन्होंने संयुक्त रूप से फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया. मेला समिति के सदस्यों ने डीएम, एसपी, अपर समाहर्ता, एसडीओ, डीसीएलआर, एसडीपीओ को माला पहनाकर सम्मानित किया. जिला प्रशासन ने मेला समिति के सदस्यों तथा स्थानीय लोगों से मेला को सफल संचालन करने में सहयोग करने की अपील की.
नंद बाबा ने किया था गौ पूजन एसपी ने कहा कि द्वापर युग में नंद बाबा के द्वारा गौ पूजा की गयी थी. उनके द्वारा की गयी गौ पूजा आज भी प्रचलित है. उन्होंने कहा कि मेला में एक दूसरे का मिलन वास्तविक मिलन होता है. कमेटी ने दिया आय-व्यय का ब्यौरामेला समिति के सदस्य सत्यनारायण अग्रवाल ने वर्ष 2014 जनवरी से लेकर दिसंबर तक का आय-व्यय का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया.
उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 जनवरी से दिसंबर के बीच विभिन्न मदों से 34 लाख दो हजार 35 रुपये आमदनी हुई. आमदनी के विरुद्ध 29 लाख 6 हजार 55 रुपये विभिन्न मद में खर्च किये गये. पतंजलि ने किया समिति को गो दानबाबा रामदेव के द्वारा संचालित पतंजलि द्वारा गोशाला को चार देशी दुधारू गाय, 18 बाछिया तथा दो सांढ़ दान दिया गया.
श्री अग्रवाल ने बताया कि इसके अलावा गोशाला में तीन गायों की खरीद हुई है. मौके पर सदस्य नरेंद्र गोयनका, महेश्वर प्रसाद सिंह, प्रकाश राम, अनिरुद्ध जालान, बजरंग लाल बजाज, कौशल किशोर सिंह आदि मौजूद थे.
