आवास बोर्ड, माड़र पथ जर्जर
खगडि़या : प्रखंड क्षेत्र के आवास बोर्ड से माड़र तथा अमनी गांव की ओर जाने वाली सडक जर्जर हो गयी है. लोगों का चलना मुश्किल हो गया है. उक्त पथ से प्रतिदिन छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन होता है. उक्त पथ से छोटे बड़े वाहन भी हिचकोले के साथ अपने गंतव्य स्थान तक पहुंचते हैं. इस बीच सवारियों की जान सांसत में रहती है.
उक्त पथ में ओवरलोडिंग तथा बड़े वाहनों के चलने से सड़क जाम होने की स्थिति भी रहती है. इसके अलावा उक्त पथ में ओवरलोडिंग तथा सड़क की दयनीय स्थिति रहने के कारण कई लोगों की जान जा चुकी है, लेकिन उक्त पथ की न तो मरम्मत हो पायी है और न ही चौड़ीकरण करने की कोई प्रशासनिक पहल ही हो पायी है.
एक वर्ष पूर्व उक्त पथ पर जहां तहां गिट्टी गिराया गयी थी. गिट्टी गिराये जाने से उक्त पथ से आवागमन करने वाले लोगों को सड़क मरम्मत होने की आस जगी थी, लेकिन मरम्मत कार्य शुरू नहीं होने से लोगों का सपना अधूरा रह गया. आवास बोर्ड तथा माड़र गांव के जगदीश यादव, सहदेव ठाकुर, पूर्व मुखिया मो. मंजर, मुखिया तनवीर हसन ने सड़क मरम्मत की मांग की है.
