मानसी-गोगरी-महेशखूंट ठहरे बिहार को चलता बनाया
बेलदौर : नीतीश सरकार ने ठहरे बिहार को चलता बिहार बनाया. शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली एवं सड़क में बड़ा बदलाव लाकर बिहार को एक नयी पहचान दी. यह विधानसभा चुनाव बिहारियों के लिए चुनौती है. इस चुनाव से ही बिहारी अस्मिता को पहचान मिलेगी. यह देश में धर्म, मजहब के नाम पर बंटवारे की राजनीति करने […]
बेलदौर : नीतीश सरकार ने ठहरे बिहार को चलता बिहार बनाया. शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली एवं सड़क में बड़ा बदलाव लाकर बिहार को एक नयी पहचान दी.
यह विधानसभा चुनाव बिहारियों के लिए चुनौती है. इस चुनाव से ही बिहारी अस्मिता को पहचान मिलेगी. यह देश में धर्म, मजहब के नाम पर बंटवारे की राजनीति करने वालों के खिलाफ लड़ाई है. उक्त बातें गुरुवार को चोढ़ली हटिया में चुनावी जन सभा को संबोधित करते हुए जदयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने कहीं.
उन्होंने नीतीश कुमार की उपलब्धियों का बखान करते हुए कहा कि जितना बदलाव बिहार में इनके कार्यकाल में हुआ है, उसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी.
पीएम मोदी के डीएनए के बयान का हवाला देते हुए कहा कि यह बिहारियों के लिए चुनौती है. इस चुनौती का जवाब बिहार के लोग विधानसभा चुनाव में महा गंठबंधन की सरकार बना कर देंगे. पिछले लोकसभा चुनाव में पीएम द्वारा किये गये वादों की याद दिलाते हुए कहा कि जो बिहार को विशेष पैकेज देने का वादा किये, उसकी सच्चाई यह है कि इसमें 87 प्रतिशत राशि पुरानी योजनाओं से संबंधित है.
मुसलमान गुहगार हो सकते हैं, पर गद्दार नहीं : जन सभा को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद गुलाम रसूल बलियावी ने कहा कि देश के मुसलमान भले ही गुनहगार हो सकते हैं, लेकिन वे गद्दार कभी नहीं हो सकते. जनसभा में मौजूद लोगों से हाथ उठवाते हुए उन्होंने कहा कि बिहारी अपनी एकता का परिचय देते हुए यह जता दें कि पीएम मोदी को लगे की बिहार में उनकी कोई जगह नहीं हैं.
अध्यक्षता चोढ़ली के पूर्व मुखिया अब्दुल सलाम रहमानी ने की. सभा को जदयू विधायक पन्नालाल सिंह पटेल, जदयू जिलाध्यक्ष साधना देवी, तारणी प्रसाद सिंह, चंद्रदेव सिंह ने भी संबोधित किया. इसके पूर्व जदयू जिला उपाध्यक्ष राजेश सिंह, प्रखंड अध्यक्ष अनिल सिंह, नरेंद्र नीरू, विजय भगत, लालो सादा आदि गंठबंधन कार्यकर्ताओं ने बड़े फूल माला से एक साथ स्थानीय विधायक समेत अतिथियों को सम्मानित किया.