चित्रगुप्त गनर, राजेंद्र नगर, कचहरी रोड आदि के लोग रहे परेशान खगडि़या. जिले में बिजली के स्थिति में सुधार हुआ है. लेकिन इस सुधार से ही लोग परेशान रह रहे हैं. शुक्रवार को जिले के पॉश इलाका चित्रगुप्तनगर, राजेंद्र नगर, व माल गोदम रोड आदि के लोग पूरे दिन बिजली नहीं रहने के कारण परेशान रहे. बिजली नहीं रहने के ठीक कारण का कोई पता नहीं चल पाया है. लेकिन सुबह के आठ बजे जो बिजली गयी तो फिर आने का नाम नहीं लिया. लोगों को बिजली नहीं रहने के कारण तमाम तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ा.
जो लोग निर्बाध बिजली के आपूर्ति से निश्चित रहते थे और कभी भी कोई काम किया करते थे आज उनको दिन में ही तारे नजर आने लगे. पूरे दिन इन इलाके के लोगों के बीच पानी के लिए हाहाकार मची हुई रही. इसके अलावा मोबाइल चार्ज इत्यादि कार्य के लिए भी लोगों को जेनरेटर का सहारा लेना पड़ा. दूसरी तरफ माल गोदम रोड में भी बिजली की आपूर्ति अब तक चालू नहीं हो पायी है. बीते दिनों आयी आंधी में इस क्षेत्र में तार टूट कर गिर गया था. जो अब तक नहीं जोड़ा गया है. जिस कारण लोगों को बिजली नहीं मिल रही है.विद्युत विभाग के कर्मी ने बताया कि शहर में कवर वायर लगाया जा रहा है.
जिस कारण बिजली काट दी गयी थी. लेकिन लोगों का कहना है कि एक ही क्षेत्र में कितने दिनों तक इस तरह से काम होता रहेगा. विभाग द्वारा इस बात की जानकारी नहीं दी जाती है. जब मन किया पावर कट कर आपूर्ति बाधित कर दी जाती है. जिससे लोगों को परेशानी होती है. लोगों ने ऐसा करने के पूर्व उपभोक्ताओं के बीच सूचना देने की मांग की है.
