खगड़िया (परबत्ता) से पलटु झा की रिपोर्ट:
खगड़िया: परबत्ता प्रखंड अंतर्गत अगुवानी पंचायत के राका गांव की मुख्य ग्रामीण सड़क इन दिनों बदहाल स्थिति में है. लगातार हो रही बारिश के कारण सड़क पर जलजमाव और कीचड़ ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है. सड़क की हालत ऐसी हो गई है कि राहगीरों एवं ग्रामीणों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.
ग्रामीणों ने बताया कि राका गांव के तीनों वार्डों में सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है. जगह-जगह बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे बाइक और साइकिल चालकों को दुर्घटना का खतरा बना रहता है. बारिश के दौरान सड़क कीचड़ में तब्दील हो जाती है और पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है.
ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व विधायक की अनुशंसा पर ग्रामीण कार्य विभाग द्वारा सड़क निर्माण के लिए टेंडर जारी किया गया था तथा निर्माण संबंधी बोर्ड भी लगाया गया है. बावजूद इसके महीनों बीत जाने के बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है. इससे ग्रामीणों में विभाग के प्रति आक्रोश व्याप्त है.
ग्रामीणों ने प्रशासन एवं संबंधित विभाग से जल्द सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है ताकि लोगों को नारकीय स्थिति से राहत मिल सके.
